बिना पार्किंग व्यवस्था के खरीदी जा रही गाड़ियां बन रही जाम का कारण, लोगों से की जिम्मेदारी निभाने की अपील
चंडीगढ़ विजय कांबोज। विश्व हिंदू परिषद, चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा ने समाज में बढ़ती दिखावे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि आर्थिक स्थिति से अधिक दिखावा करना आज आम जनता के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कई लोग खुद को अमीर दिखाने के उद्देश्य से महंगी गाड़ियां खरीद लेते हैं, लेकिन उनके पास उचित पार्किंग की व्यवस्था नहीं होती। ऐसे में वे अपनी गाड़ियां घर के बाहर या आसपास सड़कों पर खड़ी कर देते हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
महंत मनोज शर्मा ने बताया कि इस तरह की लापरवाही के कारण कई बार सड़कों पर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे स्कूली बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते, वहीं सरकारी कर्मचारी, मजदूर और अन्य लोग भी अपने कार्यस्थल तक समय पर नहीं पहुंच पाते।
उन्होंने समाज से अपील करते हुए कहा कि दिखावे की होड़ में पड़कर दूसरों के लिए परेशानी खड़ी करना उचित नहीं है। हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए ऐसा कोई भी कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे आम जनता को असुविधा हो।
अंत में उन्होंने कहा कि यदि संसाधनों की कमी है तो सादगी अपनाना ही बेहतर है, क्योंकि जिम्मेदार नागरिक वही है जो अपने साथ-साथ दूसरों की सुविधा का भी ध्यान रखे।









