नगर निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, नकली नोटों की बारिश कर जताया विरोध

15
करनाल विजय कांबोज। नगर निगम करनाल में कथित भ्रष्टाचार और आम जनता को हो रही परेशानियों के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी एवं युवा कांग्रेस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष पराग गाबा की अध्यक्षता और युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजत लाठर की अगुवाई में जोरदार रोष प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के बाहर नकली 500-500 रुपये के नोटों की बारिश कर भ्रष्टाचार का प्रतीकात्मक विरोध जताया और नगर निगम के भ्रष्टाचार का पुतला फूंका।
प्रदर्शन के दौरान जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के अंदर जाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जनता को राहत देने, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
“जनता को परेशान करने वाली व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी” — पराग गाबा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पराग गाबा ने कहा कि करनाल नगर निगम में भ्रष्टाचार को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं और आम जनता अपने जायज कामों के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी केवल सवाल उठाना नहीं, बल्कि जनता की आवाज बनकर उसके साथ मजबूती से खड़ा होना भी है।
गाबा ने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी के मामलों में लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। सामान्य प्रक्रिया के तहत प्रॉपर्टी आईडी का काम निर्धारित समय में पूरा होकर स्वीकृत या अस्वीकृत होना चाहिए, लेकिन लोगों की फाइलें दो-दो और ढाई-ढाई महीने तक लंबित रहती हैं।
उन्होंने कहा, “जिस व्यक्ति ने अपनी मेहनत की कमाई से घर या जमीन बनाई है, उसे अपनी ही संपत्ति से जुड़े कागज के लिए महीनों तक दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ें, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता की परेशानी को समझना और उसका समय पर समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।”
पराग गाबा ने कहा कि इस तरह की अनावश्यक देरी से भ्रष्टाचार की शिकायतों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को केवल कागजों पर नहीं छोड़ेगी, बल्कि सड़क से लेकर नगर निगम कार्यालय तक उनकी आवाज मजबूती से उठाएगी।
उन्होंने नगर निगम से जुड़े रिश्वतखोरी के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि मेयर के पीए से जुड़े रिश्वत मामले के बाद अब नगर निगम के एक क्लर्क के 5,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़े जाने से व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
गाबा ने कहा कि जनता के पैसे और अधिकारों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस करनाल की जनता के साथ खड़ी है और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज लगातार बुलंद करती रहेगी।