सर्व विद्या पब्लिक स्कूल ने जीती अंतर विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी, फाइनल में दून इंटरनेशनल स्कूल को दी शिकस्त

1

छह विद्यालयों की टीमों ने लिया प्रतियोगिता में भाग, खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का दिया परिचय

इन्द्री विजय काम्बोज | । सर्व विद्या पब्लिक स्कूल मटक माजरी में शुक्रवार को अंतर विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की छह टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मेजबान सर्व विद्या पब्लिक स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दून इंटरनेशनल स्कूल की टीम को पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

फाइनल मुकाबला दोनों टीमों के बीच काफी रोमांचक रहा। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। मैदान में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को देखकर दर्शकों ने भी उनका उत्साहवर्धन किया। मुकाबले के दौरान मेजबान विद्यालय की टीम ने बेहतरीन खेल कौशल और सामूहिक प्रयासों का परिचय दिया। अंत में सर्व विद्या पब्लिक स्कूल की टीम ने जीत हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। जीत के बाद खिलाड़ियों और विद्यालय के स्टाफ में खुशी का माहौल देखने को मिला।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या शालू शर्मा और उपप्रधानाचार्य  नितिन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से  राजीव मेहता,  नरेश कांबोज एवं डॉ. मीनाक्षी कांबोज ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता टीम को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

टूर्नामेंट को सफल बनाने में मुख्य कोच  प्रीतम, सह-कोच  रोहताश, सतीश तथा शिक्षक दिवेश  का विशेष योगदान रहा। प्रशिक्षकों ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया और उनका मनोबल बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यालयों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती शालू शर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। खेलों में भाग लेने से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। इसके साथ ही उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, ताकि वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

अंत में सभी प्रतिभागी विद्यालयों की टीमों एवं खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। प्रतियोगिता का समापन उत्साह, उमंग और खेल भावना के वातावरण में हुआ।