अंबाला (अनिल शर्मा )
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय परिसर में पत्रकारों के लिए दिए गए कार्यालय को सभी पत्रकारों के लिए सार्वजनिक किया जाए और इसे सरकारी प्रेस क्लब घोषित किया जाए। ताकि सभी पत्रकार साथी इसका सदुपयोग कर सकें।
इस मामले को लेकर पत्रकारों ने सोमवार को डीसी कार्यालय परिसर में पहुंचकर डीसी के नाम ज्ञापन सौंपा। व्यस्तता के कारण डीसी की जगह है एसडीएम दर्शन सिंह ने ज्ञापन लिया। डीसी के नाम सौंपे ज्ञापन में पत्रकारों ने मांग करते हुए बताया कि करीब 8 साल पहले जिला लोक संपर्क एवं सूचना अधिकारी कार्यालय परिसर में मौखिक तौर पर पत्रकारों के लिए एक कार्यालय बनाया गया था लेकिन वर्तमान में कुछ लोग निजी स्वार्थ के लिए इसका प्रयोग कर रहे हैं। डीसी के नाम सौंपे ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने बताया कि सरकार की ओर से पत्रकारों के लिए विकास बिहार में मीडिया सेंटर बनाया गया है लेकिन मीडिया क्लब प्रथम तल पर होने के कारण कुछ बुजुर्ग साथियों को यहां चढ़ने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है साथ ही सामुदायिक केंद्र में स्थित होने के कारण वैवाहिक कार्यक्रम भी यहां होते रहते हैं। इसी कारण गंदगी और शोर शराबे के कारण भी कार्य प्रभावित होता है। ऐसे में जिला लोक संपर्क एवं सूचना अधिकारी कार्यालय परिसर में पत्रकारों के लिए दिए गए सरकारी कार्यालय को सभी पत्रकारों के लिए सार्वजनिक किया जाए। बड़ी बात यह है कि कार्यालय परिसर में ही रसोई घर भी है जहां पर जलपान की व्यवस्था की जा सकती है जबकि मीडिया सेंटर में रसोई घर की व्यवस्था नहीं है। एसडीएम ने इन सभी मांगों को डीसी के माध्यम से जल्द पूरा करवाने का आश्वासन दिया।









