कोलकाता कराटे चैंपियनशिप में थंबड़ के खिलाड़ियों ने लहराया परचम

5

प्रिय शर्मा और दुष्यंत राणा और रोनित ने जीते गोल्ड, लक्ष्य कुमार ने हासिल किया ब्रॉन्ज;

स्कूल गेम्स में स्टेट लेवल के लिए प्रिय शर्मा का चयन

बराड़ा। (जयबीर राणा थंबड)
गांव थंबड़ के होनहार खिलाड़ियों ने कोलकाता में आयोजित कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में प्रिय शर्मा पुत्री राजेश शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि लक्ष्य कुमार पुत्र स्वर्गीय शेयरजंग ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। वहीं दुष्यंत राणा और रोनित ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किए। खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों से गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर है।

प्रिय शर्मा की सफलता यहीं तक सीमित नहीं रही। सुखपाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, उगाला की ओर से आयोजित स्कूल गेम्स में भी प्रिय शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया। उसके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर प्रिय शर्मा का स्टेट लेवल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है, जिसमें वह स्कूल की ओर से राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। प्रिय के चयन से स्कूल, परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता में यूनाइटेड कराटे एकेडमी बराड़ा से जुड़े खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। एकेडमी के कोच दीपक राणा और संजीव कुमार के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के दम पर प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया। कोचों ने प्रिय शर्मा, लक्ष्य कुमार, दुष्यंत राणा और रोनित को उनकी शानदार उपलब्धियों पर बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

कोच दीपक कुमार और संजीव कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके परिवारों का सहयोग, स्कूल एवं एकेडमी का प्रोत्साहन और खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने प्रिय शर्मा को स्टेट लेवल प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर विशेष रूप से शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रिय शर्मा के पिता राजेश शर्मा तथा लक्ष्य कुमार दुष्यंत राणा और रोनित के परिवारजनों ने बच्चों की उपलब्धि पर खुशी जताई और यूनाइटेड कराटे एकेडमी बराड़ा के कोच दीपक राणा व संजीव कुमार का आभार व्यक्त किया। परिवारजनों ने कहा कि बच्चों ने अपनी मेहनत से परिवार का मान बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए गांव, क्षेत्र और एकेडमी का नाम रोशन करेंगे।

ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए कहा कि गांव के बच्चों की खेलों में लगातार बेहतर उपलब्धियां अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने प्रिय शर्मा, लक्ष्य कुमार, दुष्यंत राणा और रोनित के साथ उनके परिवारजनों, कोचों तथा स्कूल प्रबंधन को बधाई दी और प्रिय शर्मा के स्टेट लेवल मुकाबले के लिए सफलता की शुभकामनाएं दीं।