इंद्री विजय कांबोज।। शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी-इंद्री में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं 7 हरियाणा बटालियन एनसीसी, करनाल के संयुक्त तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत शपथ समारोह एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों तथा शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश के गौरव, एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से तिरंगे का सम्मान करने और राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, कैडेट्स, स्वयंसेवकों एवं स्टाफ सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने की शपथ ली। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।
इस अवसर पर कैप्टन रणबीर सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रीना सैनी, डॉ. कुलदीप एवं डॉ. बालऋषि ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज की आचार संहिता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक सुरेंद्र सिंह, राजकुमार सहित अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर तक तिरंगे के सम्मान और गौरव का संदेश पहुंचाना रहा।









