राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के चार बच्चों का रिदमिक जिम्नास्टिक में राज्य स्तर पर हुआ चयन

17
इन्द्री विजय काम्बोज ।। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंद्री में प्रात: कालीन सभा के दौरान एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं द्वारा रिदमिक जिम्नास्टिक पर आधारित आकर्षक और मनमोहक प्रस्तुति दी गई। छात्राओं ने संगीत की लय पर अपने शारीरिक संतुलन, लचीलेपन और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया जिसे सभी ने खूब सराहा। विद्यालय की प्राचार्या ने कार्यक्रम में भाग लेने वाली सभी छात्राओं और मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी छात्राओं के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा। उन्होंने बताया कि स्कूल के छठी कक्षा से आठवी कक्षा तक के 4 विद्यार्थियों का चयन पहली बार रिदमिक जिम्नास्टिक में राज्य  स्तर पर हुआ है जोकि 16 सितंबर को अंबाला में होने जा रही है।इस अवसर पर विद्यालय के डीपीई  अशोक कुमार ने बताया कि नियमित शारीरिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और इस प्रकार के आयोजनों से छात्राओं में छिपी प्रतिभा को मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना है। रिदमिक जिम्नास्टिक जैसी गतिविधियों से छात्राओं में एकाग्रता, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूकता बढ़ती है।  कार्यक्रम में अध्यापक दुष्यंत कुमार, बृज, सतीश, सुरेंद्र ,अध्यापिका सरस्वती ,  नवजोत कौर,  रेखा और दीपा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी शिक्षकों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।