करनाल। महाराणा प्रताप स्मृति भवन समिति (राजपूत सभा) के सदस्यों ने मंगलवार को उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर शहर में स्थित चौक का आधिकारिक नाम महाराणा प्रताप चौक के रूप में सुनिश्चित करने तथा सभी सरकारी एवं सार्वजनिक रिकॉर्ड में इसी नाम का प्रयोग किए जाने की बात की।
उपायुक्त डॉ आनंद कुमार ने राजपूत सभा के प्रतिनिधियों से कहा कि महापुरुषों के नाम पर रखे गए सार्वजनिक स्थलों के आधिकारिक नामों का सम्मान पूर्वक और एकरूपता के साथ प्रयोग किया जा रहा । उन्होंने कहा कि संबंधित सभी विभागों, कार्यालयों एवं स्थानीय निकायों को निर्देश जारी पहले भी किए गए हैं और पुनः निर्देश जारी कर दिए जाएँगे कि सरकारी रिकॉर्ड, पत्राचार, नक्शों, अधिसूचनाओं एवं सार्वजनिक सूचनाओं में केवल “महाराणा प्रताप चौक” ही नहीं बल्कि अन्य सभी चौकों और स्थानों का आधिकारिक नाम दर्ज एवं प्रयोग किया जाए। उन्होंने ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि वे भी महापुरुषों से संबंधित चौकों की पहचान और उनके आधिकारिक नाम ही प्रयोग करें, किसी अन्य नाम से न पुकारें।
ज्ञापन में चौक पर बड़ा, स्पष्ट, आकर्षक एवं गरिमापूर्ण “महाराणा प्रताप चौक” नाम-पट्ट लगाने की मांग भी की गई, ताकि चौक की आधिकारिक पहचान स्पष्ट रूप से दिखाई दे। सभा ने यह भी अनुरोध किया कि यदि किसी सरकारी, सार्वजनिक अथवा अन्य स्थान पर कोई अन्य अनधिकृत नाम प्रदर्शित हो रहा है, तो उसकी जांच करवाकर उसे हटाया जाए तथा आधिकारिक नाम प्रदर्शित कराया जाए।
इन सभी मांगों पर उपायुक्त ने विश्वास दिलाया कि सभी चौंकों पर आधिकारिक नामों के बोर्ड लगाए जाएंगे।









