फतेहाबाद (हरियाणा)
फतेहाबाद में सनसनीखेज मामला आया सामने। फतेहाबाद के गाँव काताखेड़ी युवती की हत्या। मृतका के पिता पर बेटी की हत्या कर शव घर मे दफनाने का आरोप। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को किया बरामद। 15 दिनों के बाद शव को निकाला, पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी।
अपनी ही बेटी की हत्या करने वाले पिता को फतेहाबाद पुलिस ने कुछ ही घंटों में किया गिरफ्तार
सदर फतेहाबाद पुलिस ने अपनी ही बेटी की हत्या के गंभीर मामले में आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीत सिंह पुत्र लाल सिंह, निवासी गांव काताखेड़ी के रूप में हुई है। इस संबंध में मनजीत सिंह पुत्र सतनाम सिंह, निवासी काताखेड़ी की शिकायत पर थाना सदर फतेहाबाद में धारा 103(1), 238(ए) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कल न्यायालय में पेश किया जाएगा।
थाना सदर फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि छन्नो बाई (उम्र लगभग 26 वर्ष), जो आरोपी की बड़ी बेटी थी, बीते कुछ समय से बीमार थी और अपने पिता के साथ गांव में रह रही थी।
छन्नो की शादी कुछ वर्ष पहले गांव मढ़ में हुई थी, लेकिन पारिवारिक मतभेदों के चलते वह मायके लौट आई थी। मां के निधन के बाद उसकी देखभाल छोटी बहन सीमा करती थी, जिसकी शादी 2 जून 2025 को हो चुकी थी। सीमा की शादी के बाद घर में केवल छन्नो और उसके पिता जीत सिंह ही रह गए थे।
कुछ समय से छन्नो की अनुपस्थिति को लेकर परिजनों को संदेह होने लगा। जब जीत सिंह का भतीजा बार-बार छन्नो के बारे में पूछता रहा और संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उसने घर जाकर खुद पड़ताल की। वहां छप्पर के नीचे की मिट्टी उखड़ी हुई पाई गई, जिससे संदेह और गहराया कि छन्नो की हत्या कर शव वहीं दफना दिया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। हत्या के पीछे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने संभवतः मानसिक तनाव या देखभाल के बोझ के चलते यह अमानवीय कदम उठाया। पुलिस द्वारा फॉरेंसिक साक्ष्य, शव का पोस्टमार्टम, और अन्य तथ्यों को संकलित किया जा रहा है। आरोपी को कल न्यायालय मे पेश किया जाएगा।