मेरे सपने का भारत’ में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

5

रंगोली, कला प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

इंद्री विजय कांबोज।। सर्व विद्या पब्लिक स्कूल में सेवा संकल्प ‘मेरे सपने का भारत’ के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान रंगोली, कला प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिताएं करवाई गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी कला प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं, कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी ओर से तैयार की गई विभिन्न कलाकृतियां प्रस्तुत कीं। भाषण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। हिंदी भाषण प्रतियोगिता में जैश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में कौशिका ने प्रथम स्थान हासिल किया। अतिथियों और विद्यालय प्रबंधन ने विजेता विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को उनके जीवन एवं राजनीतिक सफर से संबंधित जानकारी दी। अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शालू शर्मा, उप-प्रधानाचार्य श्री नितिन शर्मा तथा प्रबंधन समिति के सदस्य श्री राजीव मेहता, श्री रिभुम मेहता और श्री नरेश काम्बोज मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करती हैं। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।