जींद में दो बहनों पर फायरिंग, गर्दन और हाथ पर लगी गोलियां, बहन के देवर ने की वारदात, गंभीर घायल

6

जींद ||
हरियाणा के जींद में एक युवक ने दो बहनों पर फायरिंग कर दी। इसमें दोनों बहने गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को जींद के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। बताया जा रहा है कि घायलों की बहन के देवर ने ही उन पर गोली चलाई है।
जानकारी के अनुसार पिल्लूखेड़ा के कालवा गांव की 21 साल की रीतू और 27 साल की सीनू शाम को पांच बजे के करीब जींद से घर की तरफ जा रही थी। पिल्लूखेड़ा में रेलवे फाटक के पास पहुंची तो सीनू और रीतू की बड़ी बहन आशा का देवर सुनील आया और आते ही दोनों पर फायरिंग कर दी। इसमें एक गोली सीनू के हाथ में लगी जबकि दूसरी गोली रीतू के गर्दन व जबड़े पर लगी। इसमें दोनों लहु-लुहान होकर गिर पड़ी। आसपास के लोगों ने उन्हें जींद के सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां से दोनों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि लड़की रीतू की बड़ी बहन आशा करनाल जिले के पोपड़ा में विवाहित है जबकि दूसरी बहन सीनू का डेढ़ साल पहले दिल्ली में विवाह हुआ था लेकिन छह माह बाद ही सामाजिक रूप से तलाक हो गया और पति ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद सीनू अपने घर पर ही रह रही थी। आशा का देवर सुनील रीतू से शादी करना चाहता था लेकिन आशा तथा परिवार वाले मना कर रहे थे। इस कारण रंजिश में ही शाम को सुनील ने पिल्लूखेड़ा फाटक पर घर की तरफ जा रही सीनू और रीतू पर फायरिंग कर दी और वहां से फरार हो गया। फायरिंग की घटना के बारे में पता लगते ही पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामअवतार मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा लिया।

पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी रामअवतार ने बताया कि दो बहनों को गोली लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। इनकी बड़ी बहन के देवर ने गोली मारी है। शादी को लेकर कोई बात चल रही थी। मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।