साधु समाज को बदनाम करने की साजिश  नहीं होगी बर्दाश्त  – स्वामी महेशाश्रम  

2
रादौर, 31 जुलाई (कुलदीप सैनी) : लोकसभा में कथित रूप से साधु वेश में प्रदर्शन और साधु-संतों को लेकर दिए गए बयानों पर नागेश्वर धाम पक्का घाट के स्वामी महेशाश्रम ने गहरा रोष व्यक्त किया है। शुक्रवार को रादौर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी दल साधुओं का वेश धारण कर सनातन धर्म और साधु समाज को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
       स्वामी महेशाश्रम ने कहा कि वर्ष 1966 के गौ-हत्या आंदोलन के दौरान भी हजारों संतों पर गोलियां चलवाई गई थीं और आज फिर राजनीतिक लाभ के लिए साधु समाज को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साधु-संत हमेशा समाज और राष्ट्रहित में कार्य करते आए हैं, इसलिए उनकी छवि धूमिल करने के प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ऐसे कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करती, तो साधु समाज और अखाड़े स्वयं सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। उन्होंने सनातन धर्म की रक्षा के लिए ऐसी ताकतों और उनका समर्थन करने वालों का बहिष्कार करने का आह्वान भी किया।