रादौर, 31 जुलाई (कुलदीप सैनी) : पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जठलाना में उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर सुलेख एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा 9 से 12 की पेंटिंग प्रतियोगिता में अंकिता ने प्रथम, विदित ने द्वितीय तथा पायल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सुलेख प्रतियोगिता में पलक प्रथम, अंकिता द्वितीय और ईरम राव तृतीय रहीं। कक्षा 6 से 8 की पेंटिंग प्रतियोगिता में सिंटू प्रथम, साहिल द्वितीय तथा वीरेन तृतीय स्थान पर रहे। सुलेख प्रतियोगिता में शालिनी ने प्रथम, दीक्षा ने द्वितीय और मानसी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता अरोड़ा ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद ने अपने साहित्य के माध्यम से समाज के वंचित वर्ग के दुख-दर्द, देशप्रेम और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज बुलंद की। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रेमचंद के साहित्य का अध्ययन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन राधेश्याम भारतीय ने किया, जबकि निर्णायक मंडल में रजनी चौहान, रेखा कौशिक, दिव्या, चारु एवं सुशीला शामिल रहीं। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय का समस्त स्टाफ इस अवसर पर उपस्थित रहा।









