राष्ट्रवादी सोच से ही बनेगा विकसित भारत, शहीद उधम सिंह युवाओं के प्रेरणास्रोत – कृषि मंत्री राणा  

13
रादौर, 31 जुलाई (कुलदीप सैनी) : हरियाणा कांबोज सभा एवं कांबोज धर्मशाला प्रबंधक कमेटी के तत्वावधान में अनाज मंडी रादौर में शहीद ऊधम सिंह कांबोज के 86वें बलिदान दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लक्ष्मीचंद लक्सीबांस एवं धर्मशाला प्रधान वेदप्रकाश कांबोज ने की। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्य अतिथि रहे, जबकि सांसद नवीन जिंदल, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व विधायक एवं चेयरमैन ईश्वर पलाका, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा तथा बाबा हरनाम दास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद ऊधम सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
               कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि देश के वीरों और महापुरुषों का जीवन सदैव प्रेरणादायक रहा है। शहीद ऊधम सिंह ने राष्ट्र के सम्मान के लिए 21 वर्षों तक धैर्यपूर्वक संघर्ष कर जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी सोच ही देश को विकसित बनाएगी और ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी वर्गों से राष्ट्रहित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
                सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि देश की आजादी हजारों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस और समर्पण की अमर मिसाल है। जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लेने के लिए उन्होंने 21 वर्षों तक इंतजार किया और अंततः लंदन में माइकल ओ’ड्वायर को मारकर अपने संकल्प को पूरा किया। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
              इस अवसर पर मानसिंह आर्य, नेपाल राणा, चेयरमैन रुपिंदर सिंह मल्ली, नपा चेयरमैन रजनीश मेहता,  शिवकुमार संधाला,  सतीश दत्ताना, कमल चमरोड़ी, विपिन राझेड़ी, डा. बलदेव सैनी, धनपत सैनी, हैप्पी खेड़ी, बंसीलाल सैनी, प्रदीप मंधार, अमित कांबोज, अमित बुबका, शीतल पांडे, जसपाल पोटली, जगमाल रतनगढ, राजीव आर्य, मेनपाल माधुबांस इत्यादि मौजूद रहे।