सरकारी स्कूलों में होगी ‘माइ भारत क्विज’, सांसद जिन्दल ने जारी किया पोस्टर

3
रादौर, 31 जुलाई (कुलदीप सैनी) : सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ध्वज और भारत के गौरवशाली इतिहास से विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही माइ भारत क्विज अब रादौर ब्लॉक के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में भी आयोजित की जाएगी। शुक्रवार को रादौर में सांसद नवीन जिन्दल ने गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में प्रतियोगिता का पोस्टर जारी किया। इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि नई पीढ़ी को देश के इतिहास, संविधान, राष्ट्रीय ध्वज और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि माइ भारत क्विज विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का माध्यम बनेगी। सांसद के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि कुरुक्षेत्र और कैथल के बाद अब रादौर के विद्यार्थियों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को भारत के इतिहास, संस्कृति, राष्ट्रीय प्रतीकों और संविधान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से सीखने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर डॉ. जगविन्द्र सिंह विर्क, हेमराज कुंजल, डॉ. राज कुमार और क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक तथा सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।