वार्ड 14 से 17 का निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने किया व्यापक निरीक्षण, पार्षदों की मांगे सुन अधिकारियों को कार्य करने के दिए निर्देश।

1

विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, सीवरेज, स्ट्रीट लाईट व जल निकासी कार्यों की निरंतर निगरानी करने के दिए निर्देश।
करीब 4 करोड़ 70 लाख रुपये के करवाए जा रहे विकास कार्य।
करनाल 31 जुलाई,          
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने शुक्रवार को शहर के वार्ड नम्बर 14, 15, 16 एवं 17 का व्यापक निरीक्षण कर विकास कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज लाइनों, स्टॉर्म वाटर निकासी के नाले-नालियों की सफाई तथा कचरा संग्रहण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित वार्ड पार्षदों से विकास कार्यों, नागरिक समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी एवं सीवरेज प्रणाली में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
करीब 4.70 करोड़ रुपये के विकास कार्य विभिन्न चरणों में।
निगमायुक्त ने बताया कि वार्ड नम्बर 14 में कुल 11 विकास कार्यों के टेंडर लगाए गए हैं, जिनमें 9 कार्य प्रगति पर हैं तथा 2 कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। इन पर लगभग 2 करोड़ 56 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वार्ड नम्बर 16 में 6 विकास कार्यों के टेंडर लगाए गए हैं, जिनमें 5 कार्य प्रगति पर हैं तथा एक कार्य प्रारंभ होना शेष है। इन पर लगभग 1 करोड़ 49 लाख रुपये की राशि व्यय होगी। इसी प्रकार वार्ड नम्बर 17 में 4 विकास कार्यों के टेंडर लगाए गए, जिनमें 2 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 2 कार्य प्रगति पर हैं। इन कार्यों पर लगभग 64 लाख 49 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए ताकि नागरिकों को स्थायी एवं बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
वार्ड नम्बर 14 में सीवरेज, सडक़ एवं आकांक्षी शौचालय का किया निरीक्षण।  
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड नम्बर 14 से की गई। भीम नगर में निर्माणाधीन सीमेंट कंक्रीट सडक़ का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने इंजीनियरिंग विंग को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए तथा गुणवत्तापूर्वक सडक़ को पूरा किया जाए। पार्षद अमृत लाल जोशी ने क्षेत्र में सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से अवगत कराया, जिस पर निगमायुक्त ने संबंधित कनिष्ठ अभियंता को निर्देश दिए कि सीवरेज निकासी तत्काल सुचारू कर नागरिकों को राहत प्रदान की जाए।
इसके बाद उन्होंने सरदार मिल्खा सिंह स्टेडियम में निर्माणाधीन आकांक्षी शौचालय का निरीक्षण किया तथा समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्टेडियम में लगी हाईमास्ट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त करने के लिए विद्युत शाखा को निर्देशित किया गया।
ब्रह्म नगर क्षेत्र में नालियों की निकासी बाधित मिलने पर स्वच्छता अधिकारी को तत्काल सफाई करवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पार्षद से नागरिकों को नालियों में कचरा न डालने के लिए जागरूक करने का आग्रह किया गया। निरीक्षण के दौरान खुले बरसाती नाले को सुरक्षित तरीके से कवर करने के भी निर्देश जारी किए गए।
वार्ड 15 में सौंदर्यीकरण एवं सीवरेज समस्या के समाधान पर जोर।
वार्ड नम्बर 15 में नावल्टी रोड क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए पार्षद प्रियंका सैनी एवं पार्षद प्रतिनिधि युद्धवीर सैनी ने सेंट्रल वर्ज पर डेकोरेटिव लाइट एवं पौधारोपण कर सडक़ के सौंदर्यीकरण की मांग रखी। इस पर निगमायुक्त ने इंजीनियर्स को विस्तृत अनुमान तैयार करने के निर्देश दिए। बांसो गेट मार्केट में नगर निगम की दुकानों के समीप सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग पर भी सकारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जुंडला गेट क्षेत्र में गंदे पानी एवं सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने मौके पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता से किया जाए ताकि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने ओवरफ्लो सीवरेज खोलने तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
अनाधिकृत कनेक्शन लेने वालों को जारी होंगे नोटिस।
उन्होंने कहा कि पेयजल में मिक्सिंग की समस्या का प्रमुख कारण अनधिकृत जल कनेक्शन हैं। ऐसे कनेक्शन वाले मकान मालिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे तथा उन्हें अधिकृत कनेक्शन लेने के लिए निर्देशित किया जाएगा।
आनंद विहार कॉलोनी में सीवरेज समस्या का निकलेगा स्थायी हल।
वार्ड नम्बर 16 की आनंद विहार कॉलोनी के निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि सोनू ने निगमायुक्त ने सीवरेज निकासी के स्थायी समाधान निकालने की मांग रखी। इस पर निगमायुक्त ने कार्यकारी अभियंता को स्थायी सीवरेज व्यवस्था एवं क्षतिग्रस्त गलियों की उचित मरम्मत कराने के निर्देश दिए। शिवाजी कॉलोनी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान उन्होंने नालियों की सफाई एवं खाली प्लॉटों से कचरा उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता अधिकारियों से कहा कि जो लोग खाली प्लॉटों में कचरा डाल रहे हैं, उनकी पहचान कर नियमानुसार चालान किए जाएं। ढींगा खेड़ा क्षेत्र में पड़े सी एंड डी वेस्ट को तत्काल उठाया जाए।
शिव कॉलोनी में बूस्टर स्टेशन शीघ्र चालू करने के निर्देश।
वार्ड नम्बर 17 के शिव कॉलोनी क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने नवनिर्मित बूस्टर स्टेशन को जल्द चालू करने के निर्दश कनिष्ठï अभियंता को दिए। बूस्टर स्टेशन से शिव कॉलोनी व शास्त्री नगर में पर्याप्त जलापूर्ति होगी। पार्षद ममता देवी एवं प्रतिनिधि राजेश कुमार ने क्षतिग्रस्त गलियों के पुनर्निर्माण की मांग रखी। निगमायुक्त ने कनिष्ठ अभियंता को तकनीकी निरीक्षण कर व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने तथा उसी के आधार पर अनुमान बनाकर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने शिव कॉलोनी एसटीपी के निकट पार्क की सिंचाई ट्रीटेड वाटर से कराने तथा इस कार्य की निगरानी बागवानी अभियंता द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के समीप गलियों की मरम्मत, सीवरेज व्यवस्था को सुचारू रखने तथा स्ट्रीट लाइटों का नियमित रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यकारी अभियंता मोनिका शर्मा, सहायक अभियंता रमनदीप, मनजीत राठी, मनीष अग्रवाल, स्वच्छता अधिकारी महावीर सोढी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा सहित इंजीनियरिंग एवं सेनीटेशन विंग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।