करनाल विजय काम्बोज।|
अमर शहीद सरदार ऊधम सिंह जी के शहीदी दिवस पर शहीद ऊधम सिंह चौक, सेक्टर-9, करनाल में जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष पराग गाबा ने शहीद ऊधम सिंह जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके अदम्य साहस, अटूट राष्ट्रभक्ति तथा सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।
पराग गाबा ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह जी का नाम लेते ही देशभक्ति, स्वाभिमान और बलिदान की वह तस्वीर आंखों के सामने आती है, जिसे शब्दों में बयां करना संभव नहीं। जलियांवाला बाग की मिट्टी में बहा निर्दोष भारतीयों का रक्त उनके हृदय में वर्षों तक एक संकल्प बनकर धड़कता रहा। उन्होंने उस पीड़ा को कभी भुलाया नहीं और अपना पूरा जीवन मातृभूमि के सम्मान तथा शहीदों के स्वाभिमान को समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह जी ने अपने लिए नहीं, बल्कि उन अनगिनत निर्दोष भारतीयों के लिए संघर्ष किया, जिनकी आवाज उस दौर में अंग्रेजी हुकूमत की गोलियों के बीच दबा दी गई थी। उन्होंने अपने जीवन की हर सांस देश के नाम कर दी और अंततः मातृभूमि के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमकर अमर हो गए।
पराग गाबा ने कहा, “शहीद ऊधम सिंह जी मेरे लिए केवल एक महान क्रांतिकारी नहीं, बल्कि मेरे जीवन के प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन मुझे यह सिखाता है कि अन्याय कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, सच्चाई, साहस और अपने देश के प्रति समर्पण उससे कहीं अधिक शक्तिशाली होते हैं। देश के लिए जीना और जरूरत पड़े तो देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देना ही उनके जीवन का सबसे बड़ा संदेश है।”
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज जब हम शहीद ऊधम सिंह जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हैं, तो यह केवल एक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि उस महान आत्मा के सामने हमारा संकल्प है कि हम उनके बलिदान को कभी व्यर्थ नहीं जाने देंगे। उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए देश की एकता, भाईचारे, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव खड़े रहेंगे।

पराग गाबा ने कहा कि शहीदों की शहादत किसी एक दिन तक सीमित नहीं होती। उनका बलिदान पीढ़ियों को जगाता है, युवाओं के भीतर देशप्रेम की लौ जलाता है और हमें याद दिलाता है कि आजादी हमें यूं ही नहीं मिली, बल्कि इसके पीछे असंख्य वीरों का खून, संघर्ष और त्याग छिपा है।
इस अवसर पर पराग गाबा, पंकज गाबा, नवनीत सिंह, लाड़ी संधू, दिलशेर डाचर, सुरेश एडवोकेट, सुरेश सैनी काछवा, शेर सिंह डबरी, प्रवीण पुनिया, रौनक राम और विकास सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी शहीद ऊधम सिंह जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
अमर शहीद सरदार ऊधम सिंह जी को शत-शत नमन।









