कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल .32 बोर बरामद
करनाल विजय काम्बोज ||
जिला पुलिस करनाल की अपराध अन्वेषण शाखा (सीआईए-2) की टीम ने अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध देशी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है।
मामले में सीआईए-2 की टीम उप निरीक्षक कृष्ण चंद के नेतृत्व में गश्त एवं अपराध रोकथाम के उद्देश्य से विश्वकर्मा चौक,
करनाल-कैथल रोड क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान टीम को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि हर्ष दीप उर्फ बाटा पुत्र रामचंद्र निवासी गांव बीड़ अमीन, जिला कुरुक्षेत्र गली नंबर-9, शिव कॉलोनी, राजबाह रोड स्थित सीवरेज वाटर प्लांट के पास अवैध हथियार लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी को काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल .32 बोर बरामद हुई। जांच के दौरान पिस्तौल की बैरल खाली पाई गई। आरोपी से हथियार का लाइसेंस या कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
बरामद पिस्तौल को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील किया गया तथा मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध थाना रामनगर, करनाल में आर्म् एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध कुरुक्षेत्र एवं करनाल जिलों में हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामलों के कुल 9 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।









