शहीद उधम सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

5

इंद्री विजय कांबोज।। ओजल्या चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा शनिवार को शहीद ऊधम सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इंद्री में वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में वन विभाग, इंद्री ज़ोन के अधिकारी श्री राकेश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति, प्रबंधन समिति के सदस्य श्री रमेश, ओजल्या चैरिटेबल ट्रस्ट से श्री गौरव गुप्ता, श्री प्रतीक सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए 100 पौधों का विद्यार्थियों में वितरण किया गया। मुख्य अतिथि श्री राकेश ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के पौधों के महत्व, उनकी उचित देखभाल, रोपण की सही विधि, किस मौसम में कौन-सा पौधा लगाया जाना चाहिए तथा फलदार एवं छायादार पौधों की विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। विद्यालय की ओर से पर्यावरण विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन एवं ओजल्या चैरिटेबल ट्रस्ट ने सभी अतिथियों, वन विभाग और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का संदेश दिया। समारोह में मौजूद सभी लोगों ने हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।