करनाल विजय काम्बोज ।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला पुलिस करनाल द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में थाना तरावड़ी क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर स्थित राजकीय हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला पुलिस करनाल की ओर से सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. पूजा एवं डॉ. प्रियंका ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करता है। नशे की लत न केवल व्यक्ति के भविष्य को अंधकारमय बनाती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करें।
एएसआई जगमाल सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग देश का भविष्य है और उन्हें शिक्षा, खेलकूद तथा सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपने जीवन को सफल बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि यदि किसी क्षेत्र में नशे की बिक्री, तस्करी या सेवन से संबंधित कोई जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत MANAS हेल्पलाइन 1933 या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।
डॉ. पूजा एवं डॉ. प्रियंका ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों का सेवन शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचाता है तथा मानसिक तनाव, अवसाद और अन्य गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा संतुलित आहार लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने तथा स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ ली। जिला पुलिस करनाल ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें









