इन्द्री विजय कम्बोज । विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने वीरवार को नगरपालिका इन्द्री के मनोनीत पार्षद सेठपाल वर्मा के जन्मदिवस के अवसर पर हर्बल पार्क इन्द्री तथा सिंचाई विभाग विश्राम गृह में त्रिवेणी (नीम, पीपल, बरगद) लगाकर उनको जन्मदिवस की बधाई दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। पौधे न केवल वातावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि मानव जीवन और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने जन्मदिवस व अन्य शुभ कार्यों के अवसर पर पौधारोपण अवश्य करना चाहिए। इन पौधों से भविष्य में हरियाली बढ़ेगी, पर्यावरण संतुलित रहेगा और लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध वायु प्राप्त होगी। उन्होंने आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
विधायक ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन तथा प्रदूषण की समस्या वर्तमान समय की बड़ी चुनौतियों में से एक है। पर्यावरण असंतुलन तथा प्रदूषण से मानव स्वास्थ्य, जैव विविधता और पारिस्थितिक तंत्र के लिए गंभीर समस्या पैदा कर रहा है। औद्योगिक उत्सर्जन, वाहनों का धुआं और प्लास्टिक कचरे के कारण सभी जगह प्रदूषण बढ़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए व्यापक वृक्षारोपण, इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाना और ठोस कचरा प्रबंधन जैसे उपाय अपनाना जरूरी है। विधायक ने यह भी बताया कि उन्हें पर्यावरण एवं प्रदूषण विषय समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह समिति राज्य में पर्यावरणीय समस्याओं का अध्ययन और प्रदूषण जैसे जल, वायु, ध्वनि की जांच करना और उनके निवारण के लिए उपाय सुझाना है।
इस मौके पर भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य विजय कश्यप, सुमित महामंत्री, रमन सैनी, कुलवंत बेदी, चन्द्र चोपड़ा, विक्की मल्होत्रा, अनिल वोहरा काका, नूर हसन, इन्द्र प्रताप सिंह, संजय सैनी, नीतू कलरा, जसविन्द्र सिंह, राम सिंह, शमशेर बुढनपुर, राजेश शर्मा कलसौरा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।









