करनाल विजय काम्बोज।
दयानंद सिंह पब्लिक स्कूल, दयाल सिंह कॉलोनी, करनाल में बुधवार को कक्षा IV अचीवर्स के विद्यार्थियों द्वारा “गेम ऑन: ड्रीम्स इन मोशन, लर्निंग, प्लेइंग, ग्रोइंग टुगेदर” विषय पर आधारित एक प्रेरणादायक भूमिका निर्वहन (रोल प्ले) प्रस्तुति का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक टॉक शो एवं रोल प्ले के माध्यम से खेलों के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और संघर्षशीलता जैसे गुणों का भी विकास करते हैं।
नन्हे कलाकारों ने विभिन्न खेलों का प्रतिनिधित्व करते हुए उनसे जुड़े रोचक तथ्य साझा किए तथा यह संदेश दिया कि खेल जीवन में सफलता के लिए आवश्यक मूल्यों का निर्माण करते हैं। विद्यार्थियों की प्रभावशाली अभिव्यक्ति, स्पष्ट संवाद, उत्कृष्ट मंच संचालन और सामूहिक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय के इस रचनात्मक प्रयास की प्रशंसा की। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि जब शिक्षा को रचनात्मक गतिविधियों और व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ा जाता है, तब सीखना अधिक प्रभावशाली और आनंददायक बन जाता है।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रेरणादायक संदेश दिया—”जोश से खेलो, उद्देश्य से सीखो और साथ मिलकर आगे बढ़ो।









