विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप के नेतृत्व में हजारों लोगों ने करनाल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में की शिरकत
इन्द्री विजय कांबोज।। विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा प्रदेश को विकास की एक और ऐतिहासिक सौगात देने पर आज इन्द्री विधानसभा क्षेत्र के हजारों नागरिकों ने करनाल पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हरियाणा को लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के साथ-साथ देश की पहली बिना बिजली, बिना तेल से चलने वाली प्रदूषण रहित हाइड्रोजन रेलगाड़ी की सौगात देकर प्रदेश को गर्व का क्षण दिया है।
विधायक रामकुमार कश्यप के नेतृत्व में इंद्री विधानसभा के हजारों लोगों ने करनाल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विचारों को सुना जिस देश की प्रगति और विकास की धारा के बारे में जानकारी मिली।
विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि आज का दिन हरियाणा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। जब देश आजादी का अमृतकाल मना रहा है, तब प्रधानमंत्री ने हरियाणा को ऐसी सौगात दी है जो न केवल विकास को गति देगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने और उनका आभार व्यक्त करने के लिए आज सुबह से ही इन्द्री विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव से लोग सीएनजी व इलेक्ट्रिक वाहनों से करनाल के लिए रवाना हुए।
विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि इन्द्री की जनता ने जिस उत्साह के साथ यहां आकर आभार व्यक्त किया है, वह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से कितनी संतुष्ट है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने हरियाणा को देश की पहली हाइड्रोजन संचालित रेलगाड़ी की सौगात दी। यह रेलगाड़ी न तो बिजली से और न ही डीजल से चलेगी। यह पूरी तरह से हाइड्रोजन ईंधन पर आधारित होगी और शून्य प्रदूषण के साथ चलेगी।

उन्होंने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह तकनीक न केवल रेल परिवहन को सस्ता बनाएगी, बल्कि वायु प्रदूषण को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रधानमंत्री का विजन है आत्मनिर्भर भारत और ग्रीन भारत। हाइड्रोजन रेलगाड़ी उसी विजन की साकार तस्वीर है। उन्होंने बताया कि इस हाइड्रोजन रेलगाड़ी का संचालन सबसे पहले हरियाणा के कुछ चुनिंदा मार्गों पर किया जाएगा, जिससे प्रदेश के लाखों यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इससे ईंधन की बचत होगी, कार्बन उत्सर्जन कम होगा और रेल यात्रा और अधिक आरामदायक बनेगी।
बता दें कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जींद में आयोजित कार्यक्रम का डॉ. मंगलसेन सभागार करनाल में लाइव प्रसारण किया गया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में विधायक जगमोहन आनंद, विधायक भगवानदास कबीरपंथी, विधायक योगेंद्र राणा भी उपस्थिति रहे।









