इन्द्री विजय काम्बोज। आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय अनाज मंडी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विधायक रामकुमार कश्यप सहित प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, महिलाएं, पुरुष और बच्चों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंचकूला से आयोजित कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण भी किया गया।
विधायक रामकुमार कश्यप ने उपस्थित प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 21 जून 2015 को पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजित किया गया था और तब से हर वर्ष 21 जून को इसे पूरे विश्व में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को स्वस्थ रहने के लिए योग को अपने जीवन में अपनाना होगा। योग हमारी प्राचीन पद्धति है और इसके माध्यम से हम अपने शरीर को गंभीर बीमारियों से बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज हर मनुष्य तनावग्रस्त है और इस तनाव से मुक्ति तथा मानसिक स्थिति को ठीक रखने के लिए हमें नियमित योग करना होगा। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं है बल्कि योग मन को शांत करता है, विचारों को सकारात्मक बनाता है, आत्मविश्वास बढ़ाता है और व्यक्ति के जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देता है। योग हमें स्वयं से जोड़ता है और यही कारण है कि आज पूरी दुनिया ने योग को अपनाया है। उन्होंने कहा कि यदि आपका शरीर स्वस्थ है तो आपके पास दुनिया की सबसे बड़ी दौलत है। एक स्वस्थ व्यक्ति ही देश और समाज का हित कर सकता है।
विधायक राम कुमार कश्यप ने कहा कि हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य और योग को बढ़ावा देने के लिये अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। राज्य की थीम योग युक्त-नशा मुक्त हरियाणा एवं स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रखी गई है। प्रदेश में आयुष विभाग के माध्यम से गांव-गांव में व्यायामशालाएं खोली गई हैं। उन्होंने कहा कि आज का युग प्रतिस्पर्धा का युग है। बच्चों पर पढ़ाई का दबाव है, युवाओं पर करियर की चुनौती, किसानों, कर्मचारियों और व्यापारियों के सामने अपनी-अपनी जिम्मेदारियां है। ऐसे समय में तनाव, चिंता, अनिद्रा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। योग इन चुनौतियों का एक प्रभावी और सरल समाधान प्रस्तुत करता है।
कार्यक्रम में पहुंचने पर एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता व अन्य अधिकारियों ने विधायक राम कुमार कश्यप का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। एसडीएम ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के साथ-साथ योग में भाग लेने वाले सभी साधकों का धन्यवाद किया। योगाभ्यास कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति से धर्मपाल आर्य व पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल के तहत सूक्ष्म व्यायाम, ताड़ासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन, मकरासन, भुजंगासन, कपालभांति, अनुलोम-विलोम आदि व्यायामों का अभ्यास करवाया।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता, डीएसपी सतीश गौतम, खंड शिक्षा अधिकारी गुरनाम सिंह, आयुष विभाग के डॉ. संजीव कुमार, नगरपालिका अध्यक्ष राकेश पाल, नगरपालिका सचिव धर्मवीर, पंचायती राज एसडीओ कमलेश, मार्किट कमेटी चेयरमैन महिन्द्र पंजोखरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय कश्यप, अनुज गर्ग, जयप्रकाश बंसल, अनुराग वर्मा, संजय मित्तल, बीरबल पाल, बलिन्द्र कटारिया, सुनील कुमार, सतपाल, धर्मवीर आर्य, मास्टर बलराज, नरेश भाटिया, रघुवीर बतान, प्रिंसीपल करनैल चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, भाजपा नेतागण एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
योग हमारी प्राचीन पद्धति- स्वस्थ, सुखी और तनावमुक्त जीवन की कुंजी: रामकुमार कश्यप
विधायक रामकुमार कश्यप ने उपमंडल स्तरीय योग दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत









