तरावड़ी के दयाराम मंदिर में एक शाम सांवरे के नाम रविवार 24 मई को : तरूण बंसल

3

56 भोग, पुष्प वर्षा, इत्र वर्षा एवं ध्यान संकीर्तन रहेगा विशेष आकर्षण
तरावड़ी। श्री श्याम सेवा समिति तरावड़ी की ओर से दयाराम मंदिर में भव्य श्याम संकीर्तन एवं भजन संध्या एक शाम सांवरे के नाम का आयोजन रविवार 24 मई को किया जाऐगा। यह जानकारी समिति के संरक्षक तरूण बंसल ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक मोनू मिश्रा पटियाला, रेखा सूरभी कैथल एवं प्रमोद शर्मा पड़वाला समेत अन्य भजन गायक अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को श्याम भक्ति में सराबोर करेंगे। शाम 7 बजे से प्रभु इच्छा तक चलने वाले इस कार्यक्रम में बाबा श्याम का आलौकिक श्रृंगार किया जाएगा तथा भव्य दरबार सजाया जाएगा। तरूण बंसल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 56 भोग, पुष्प वर्षा, इत्र वर्षा एवं ध्यान संकीर्तन विशेष आकर्षण रहेंगे। श्याम भक्तों के लिए विशेष सजावट और भक्तिमय वातावरण तैयार किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति का आनंद उठा सकें। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य समाज में धार्मिक भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण श्री राधे राधे यूट्यूब एवं फेसबुक चैनल पर भी किया जाएगा, ताकि दूर-दराज के श्रद्धालु भी इस भव्य आयोजन से जुड़ सकें। समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है। कार्यक्रम को लेकर समिति सदस्यों एवं श्याम भक्तों द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा और पूरे क्षेत्र को भक्ति रस में रंगने की तैयारी है।