लंबित मकान सूचीकरण कार्य जल्द पूरा कर पोर्टल पर करें अपलोड- डॉ. वैशाली शर्मा, निगमायुक्त-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी।

2

जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर दर्ज हो एफआईआर, बेहतर कार्य करने वाले गणनाकार होंगे सम्मानित, प्रधान जनगणना अधिकारी ने बैठक में दिए निर्देश।
करनाल  विजय काम्बोज ||
        नगर निगम आयुक्त-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. वैशाली शर्मा ने गुरूवार को नोडल जनगणना अधिकारी, जिला जनगणना अधिकारी तथा प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक कर जनगणना कार्यों की समीक्षा की तथा अब तक की प्रगति की जानकारी ली। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मकान सूचीकरण ब्लॉकों का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करवाकर उसे निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीन कार्यरत पर्यवेक्षकों एवं गणनाकारों के साथ नियमित रूप से समन्वय बनाकर कार्यों की मॉनिटरिंग करें और प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करवाएं, ताकि सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जा सकें।
बैठक में उन्होंने कहा कि जिन गणनाकारों द्वारा अभी तक कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, उनके विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करवाने की कार्रवाई अमल में लाई जाए। वहीं, जो गणनाकार बेहतर एवं सराहनीय कार्य कर रहे हैं, उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मानित भी किया जाएगा।
प्रधान जनगणना अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनगणना कार्य में समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। सभी अधिकारी फील्ड स्तर पर निरंतर निगरानी रखें और आने वाली किसी भी समस्या का तुरंत समाधान करवाएं, ताकि जनगणना से संबंधित सभी कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सकें। बैठक में उन्होंने जनगणना कार्यों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में नोडल जनगणना अधिकारी विनोद नेहरा, जिला जनगणना अधिकारी अनीता, प्रभारी अधिकारी प्रवेश कौशिक, अनूप कुमार, रमनदीप तथा मनजीत राठी मौजूद रहे।