जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शारदा ने किया इंद्री न्यायालय का दौरा, न्यायिक परिसर में किया पौधारोपण

2

इन्द्री विजय काम्बोज। जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अजय कुमार शारदा ने आज उपमंडलीय न्यायालय इंद्री का दौरा किया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अवसर पर न्यायिक परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वृहद पौधारोपण अभियान की शुरूआत की गई है।

उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। पौधे न केवल वातावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि मानव जीवन और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अभियान के तहत आम, जामुन, अमरूद सहित कई फलदार एवं छायादार व सजावटी पौधे लगाए जा रहे हैं। इन पौधों से भविष्य में हरियाली बढ़ेगी, पर्यावरण संतुलित रहेगा और लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध वायु प्राप्त होगी। उन्होंने आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
इस अवसर पर  उप-मंडलीय न्यायिक मजिस्ट्रेट  उदय प्रताप सहित अन्य न्यायिक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।