इंद्री विजय कांबोज।। शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी, करनाल में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह एवं गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने ध्वजारोहण किया तथा उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के विभाजन के दौरान असंख्य लोगों ने अपार पीड़ा एवं विस्थापन का सामना किया। उन्होंने विद्यार्थियों से इतिहास के इन कठिन अध्यायों से सीख लेते हुए राष्ट्रीय एकता, भाईचारे एवं सद्भाव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने वर्तमान समय में जल एवं विद्युत संरक्षण की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया और विद्यार्थियों को जल एवं बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा इनके संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। विद्यार्थी मयंक ने “सारे जहाँ से अच्छा” गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सशक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण दिवस समारोह समिति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति के संयोजक डॉ. प्रदीप वत्स तथा सदस्यों डॉ. मीरा, डॉ. गुलाब सिंह, डॉ. सविता रानी, डॉ. भारती, डॉ. ममता रानी, डॉ. हरीश कुमार, एवं डॉ. रजनी ने कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संपन्न करवाने में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ दीपा शर्मा ने किया। समूचा कार्यक्रम देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अनाज मंडी, इंद्री, करनाल में आयोजित समारोह के दौरान माननीय चीफ व्हिप एवं इंद्री विधायक श्री राम कुमार कश्यप जी द्वारा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी को प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने एवं एस.आई.आर. (SIR) अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है।समस्त महाविद्यालय परिवार ने प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। महाविद्यालय के एन.सी.सी. कैडेट्स ने एन.सी.सी. कैप्टन डॉ. रणबीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस समारोह, इंद्री में उत्साहपूर्वक एवं सक्रिय सहभागिता निभाई।









