उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधायक राम कुमार कश्यप ने किया ध्वजारोहण, ली परेड़ की सलामी
शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर दी शहीदों को श्रद्धांजलि, कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों को किया गया सम्मानित
देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
इंद्री विजय कांबोज।। उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह नई अनाज मंडी में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। समारोह में विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप राम कुमार कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इससे पहले उन्होंने शहीद स्मारकों पर पुष्प चक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। समारोह के दौरान विधायक राम कुमार कश्यप ने शहीदों के परिजनों को शाल पहनाकर सम्मानित किया। समारोह में पुलिस, एनसीसी बॉयज एवं गर्ल्स की टुकडय़िों ने शानदार मार्च पास्ट किया। इसके साथ-साथ विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।
इस अवसर पर विधायक राम कुमार कश्यप ने सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि इन महान सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही हमें आजादी मिली। महात्मा गांधी सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और तेजस्वी नेतृत्व ने अंतत: वर्ष 1947 में देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति दिलाई।
उन्होंने कहा कि 140 करोड़ से अधिक भारतीयों ने विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी अटूट आस्था के बल पर भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है। यह हमारी आठ दशकों की लोकतांत्रिक यात्रा का परिणाम है, जिसने भारत को एक मजबूत, सशक्त और लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी, वह नींव समय के साथ और मजबूत हुई है।
सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को दी सर्वोच्च प्राथमिकता
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। यह केवल सरकारी सहायता नहीं, बल्कि राष्ट्र की ओर से अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।
हरियाणा वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती
उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। इतिहास के पन्ने इस बात के साक्षी हैं कि 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। उस संघर्ष ने अंग्रेजी शासन की नींव को चुनौती दी और देशवासियों के मन में स्वतंत्रता की लौ को प्रज्वलित किया। इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला छावनी में स्थापित किया जा रहा भव्य शहीदी स्मारक अब निर्माण के अंतिम चरण में है। यह स्मारक हमारे वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है आगे
उन्होंने कहा कि आज का भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी सोच के अनुरूप हम विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।
हरियाणा सरकार युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कर रही कार्य
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के लिए विकास का अर्थ केवल आर्थिक वृद्धि नहीं है। विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभ बताए हैं-युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब। हरियाणा सरकार इन चारों स्तंभों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सामाजिक न्याय सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों तथा समाज के अन्य वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
बेटियां और महिलाएं हरियाणा की प्रगति की मजबूत आधारशिला
उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास में सक्रिय भागीदार बनाया जाए। सरकार द्वारा लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की राशि दी जा रही है। आगामी समय में महिलाओं की और अधिक भागीदारी के लिए परिवार की आय सीमा में छूट बढ़ाई जाएगी। गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में रसोई गैस का सिलेंडर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब भारत को विकसित राष्ट्र और हरियाणा को विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने की हमारी जिम्मेदारी है। इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सब मिलकर विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण का संकल्प लें, जो आर्थिक रूप से मजबूत हो, सामाजिक रूप से समरस हो, पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित हो और जिसकी युवा शक्ति दुनिया में अपनी पहचान बनाए।
कार्यक्रम में शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप राम कुमार कश्यप ने शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर गांव नन्हेड़ा से शहीद आत्माराम के पौत्र मुकेश कुमार, कारगिल युद्ध में शहीद गांव मुखाला के प्रवेश कुमार के भाई संजय कुमार तथा खेड़ी मानसिंह के सीआरपीएफ जवान राम मेहर के पिता पूरन सिंह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शहीद परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया।
देश भक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी गई प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस समारोह में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, इन्द्री के विद्यार्थियों ने हरियाणवी संस्कृति पर नृत्य, सर्व विद्या पब्लिक स्कूल इन्द्री के विद्यार्थियों ने शहीद उधम सिंह पर एक्सन सॉन्ग, मदर टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल समौरा के बच्चों ने देश भक्ति एक्शन सॉन्ग, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इन्द्री द्वारा हरियाली और कृषि नृत्य, शहीद उधम सिंह वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इन्द्री द्वारा देश भक्ति गीत, चौ. मेहर सिंह स्कूल, राजेपुर देश भक्ति पर आधारित एक्सन सॉन्ग पर शानदार प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही राजकीय स्कूल बच्चों द्वारा राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी गई।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी विधायक रामकुमार कश्यप द्वारा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें शहीद उधम सिंह कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह बागी, प्राध्यापक अरुण कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के चौकीदार नरेन्द्र कुमार, जेबीटी अध्यापक संजीत कुमार, तहसील इन्द्री के स्वीपर जयभगवान, तकनीकी सहायक खुशी काम्बोज, रक्तदाता संजीव कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता सोनिया देवी, सेवादार विक्रम, ग्राम सचिव अनिल कुमार, ग्राम सचिव लिशा देवी, एसएमओ डॉ. संदीप अबरोल, एएनएम सर्वजीत कौर, विशेष हरियाली कल्याण संस्था, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी बबीता जैन, हर घर तिरंगा फाउंडेशन गढ़ी बीरबल के अध्यक्ष सतीश कुमार, सेवादार ऊषा रानी, वन राजिक अधिकारी एकांशु, सामाजिक कार्यकर्ता रोहताश काम्बोज, नीलामी अभिलेखक संजय कुमार, जेबीटी अध्यापक सुनील कुमार, एसआई गुरजीत सिंह, स्वीपर सुरेश कुमार, वाटर कैरियर प्रवीण कुमार, मीडिया कर्मी सुनील शर्मा, मीडिया कर्मी जयपाल बंसल, आयुष मित्र सूरजभान व फूल कुमार शामिल हैं।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता, डीएसपी सतीश गौतम, मार्किट कमेटी चेयरमैन महिन्द्र पंजोखरा,नगरपालिका अध्यक्ष राकेश पाल, पंचायत समिति चेयरपर्सन ऊषा कटारिया, तहसीलदार विनोद कुमार, नायब तहसीलदार गौरव, बीडीपीओ गुरमलक सिंह, , नगरपालिका सचिव धर्मवीर, बीईओ गुरनाम सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय काम्बोज, मंडल अध्यक्ष अनिल चौहान, मंडल अध्यक्ष जोनी शर्मा, जिला कार्यकारिणी सदस्य विजय कश्यप, सुमित महामंत्री, धर्मपाल शांडिल्य, रघबीर बतान, मंडी प्रधान सुमेर काम्बोज, रमन सैनी, सुभाष खेड़ा, रणबीर गोयत, बालक राम, संतोष पाल, जय प्रकाश बंसल, सूरजभान प्रजापति, असलम ननदी, कुलवंत बेदी, राकेश काम्बोज, विजय चोपड़ा, राजिन्द्र मिड्ढïा, फूल सिंह नबंरदार, संजय सैनी, जरनैल सिंह, पाला राम, अनुराग वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।









