धान सीजन को लेकर किसान पंचायतों में आंदोलन की चेतावनी, गढ़ी जाटान, कादराबाद व बुढ़नपुर में बनीं भाकियू चढूनी की कमेटियां

16

इंद्री विजय कांबोज।। हल्का इंद्री के गांव गढ़ी जाटान, कादराबाद और बुढ़नपुर में रविवार को किसान पंचायतों का आयोजन किया गया। पंचायतों के दौरान भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की स्थानीय कमेटियों का गठन किया गया। किसानों ने आगामी धान सीजन को लेकर मंडियों में होने वाली कथित अव्यवस्थाओं और किसानों की फसल की खरीद के दौरान होने वाली परेशानी को लेकर रोष जताया।

किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस बार धान की खरीद के दौरान किसानों के साथ किसी भी प्रकार की अनदेखी या कथित लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सेलर मालिकों, आढ़तियों और मुनीमों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी को सरकार से अपनी मांगें मनवानी हैं या हड़ताल करनी है तो धान का सीजन शुरू होने से पहले कर लें। किसानों का कहना है कि धान सीजन के दौरान किसानों के हितों के खिलाफ जाने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था का विरोध किया जाएगा।

पंचायत में बताया गया कि आने वाले दिनों में धान खरीद व्यवस्था और अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील सहित किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर इंद्री मंडी स्थित किसान भवन में किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें क्षेत्र के किसानों की समस्याओं और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

भारतीय किसान यूनियन चढूनी के नेताओं ने पिछले तीन दिनों में विभिन्न स्थानों पर किसानों पर हुए लाठीचार्ज की घटनाओं की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का बातचीत के माध्यम से समाधान किया जाना चाहिए।