इन्द्री विजय कांबोज।। 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के दारुल उलूम शाह वली उल्लाह मदरसे में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। मदरसे में तिरंगा फहराकर न सिर्फ आजादी का जश्न मनाया गया, बल्कि पूरे देश में अमन, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआ भी मांगी गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व मदरसे के प्रमुख मौलाना मोहम्मद राशिद वफा नदवी ने किया। उन्होंने मुख्य अतिथियों और मदरसे के उलमा की मौजूदगी में तिरंगा झंडा फहराया और सभी ने उसे सलामी दी। झंडारोहण के बाद “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
बच्चों में दिखा देशभक्ति का जज्बा
इस मौके पर मदरसे के सभी छात्र हाथों में तिरंगा लेकर कतारबद्ध हुए। बच्चों ने देशभक्ति गीत गाए और “सारे जहां से अच्छा, हिन्दोस्तां हमारा” प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। केसरिया, सफेद और हरे रंग की पट्टियों और हाथों में तिरंगा लिए बच्चे देशभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आए।
मौलाना राशिद वफा नदवी ने बच्चों और मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए सबसे बड़ा पर्व है। इस आजादी को पाने के लिए असंख्य नौजवानों ने अपनी जान की कुर्बानी दी। उन्हीं शहीदों की वजह से आज हम आजाद भारत में खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें उनके सपनों का भारत बनाना है।
उन्होंने आगे कहा कि “कोई धर्म छोटा-बड़ा नहीं होता। सबसे बड़ा धर्म इंसानियत है। हम सबको मिलजुलकर, भाईचारे के साथ रहना चाहिए। तभी देश तरक्की करेगा।”
कार्यक्रम के अंत में देश की शांति, एकता और तरक्की के लिए सामूहिक दुआ की गई। इसके बाद मौलाना की ओर से सभी बच्चों में लड्डू वितरित किए गए। इस अवसर पर कारी इनाम, मौलाना मोहम्मद अमीरुद्दीन सहित मदरसे के शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, उत्साह और देशप्रेम की भावना देखने को मिली।









