एसडीएम डॉ रमन गुप्ता ने गांव चन्द्राव के राजकीय माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर मिड डे मील योजना का लिया जायजा, विद्यार्थियों के साथ बैठकर खाया भोजन

23

इन्द्री विजय कांबोज।।  एसडीएम डॉ रमन गुप्ता ने मंगलवार को गांव चन्द्राव के राजकीय माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर मिड डे मील योजना की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर स्वयं मध्याह्न भोजन ग्रहण किया तथा विद्यार्थियों से भोजन की गुणवत्ता, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं पढ़ाई के संबंध में बातचीत कर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता ने स्कूल में मिड-डे-मील के लिये बनी रसोई का जायजा लिया और वहां मिड-डे-मील के तहत बन रहे भोजन की जांच की।उन्होंने न केवल रसोई घर की साफ-सफाई देखी, बल्कि बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन को खुद खाकर उसकी गुणवत्ता और स्वाद को भी परखा। उन्होंने मिड डे मील से संबंधित स्टॉक रजिस्टर, राशन स्टॉक व सामग्री का भौतिक निरीक्षण किया।

इस दौरान एसडीएम ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, खेल और अन्य गतिविधियों के बारे में भी बातचीत की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी गुरनाम सिंह, स्कूल के मुख्य अध्यापक व अन्य स्टाफ मौजूद रहे।