विधायक रामकुमार कश्यप ने सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
इन्द्री विजय काम्बोज । विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने सोमवार को सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का निवारण करना न केवल उनका दायित्व है, बल्कि यह उनका कर्तव्य भी बनता है। उन्होंने कहा कि जब भी समय मिलता है, वे लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनकर उनका समाधान करने का प्रयास करते हैं।
विधायक रामकुमार कश्यप ने जनसुनवाई कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वे जनसेवा की भावना से प्रत्येक सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम विशेष रूप से संचालित कर रहे हैं, ताकि आम जनता से सीधे संपर्क में रह सकें। इससे लोगों का सरकार के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है। वे हर सोमवार सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में हलके के लोगों से रूबरू होते हैं और उनके द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि हलके के लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए किसी भी समय उनसे संपर्क कर सकते हैं।
विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनका सीधा लाभ प्रदेश के हर वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा चुनाव के दौरान संकल्प पत्र में किये गये वादों को सरकार द्वारा पूरा करने का कार्य किया जा रहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग के हित, किसानों की खुशहाली और क्षेत्र की समृद्धि सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और प्रत्येक गांव में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
जन सुनवाई कार्यक्र्रम के दौरान ये आई समस्याएं
जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान गांव खेड़ा निवासी सुनीता ने विधवा पैंशन बारे, मुसेपुर निवासी पंकज व अन्य ने इन्द्री से मुसेपुर सडक़ बारे, हिनोरी निवासी रीना ने मकान की ग्रांट बारे, तुसंग निवासी ओमप्रकाश ने पैंशन बारे, बीड़ भादसों निवासी बलवंत सिंह ने पानी निकासी के लिये पाइप लाईन डलवाने बारे सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान बारे विधायक से अनुरोध किया। विधायक ने हल्के से आये सभी लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मार्किट कमेटी चेयरमैन महिन्द्र सिंह पंजोखरा, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य विजय कश्यप,रमन सैनी, मदन सिंह सोढ़ी, रणधीर सांतड़ी, मेम सिंह धीमान, इलम सिंह, राजबीर, सुलेख धीमान, उर्मिला प्रधान, राजपाल कश्यप नंबरदार, राकेश, गौरव शर्मा, रणधीर पांचाल, रामचन्द्र कलरी, ओम प्रकाश वाल्मिकी सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।









