शक्ति केंद्रों को मजबूत बनाने के लिए भाजपा की टिफिन बैठक आयोजित

3

इन्द्री विजय काम्बोज ||       विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने सोमवार को शक्ति केन्द्र शिव मंदिर गुढ़ा में शक्ति केंद्रों को मजबूत बनाने की दिशा में चलाए जा रहे टिफिन बैठक अभियान के तहत भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में शक्ति केन्द्र प्रमुख व अन्य कार्यकर्ताओं के साथ शक्ति केंद्र सशक्तिकरण के साथ संगठन सुदृढ़ीकरण एवं आगामी योजनाओं के लिए विचार विमर्श किया गया।

विधायक ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा शक्ति केन्द्रों को सशक्त बनाने के लिये 21 जुलाई को  प्रदेश के सभी शक्ति केन्द्रों पर टिफिन बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता भी अपने घर से टिफिन लेकर बैठक में शामिल होंगे। प्रदेश के सभी जिलों में 11 सदस्यीय समितियां गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। भाजपा ने इन बैठकों को टिफिन बैठक का स्वरूप दिया है। इस व्यवस्था के तहत बैठक में शामिल होने वाला प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी, वक्ता और जनप्रतिनिधि अपने घर से भोजन का टिफिन लेकर पहुंचेगा और सभी मिलकर सहभोज करेंगे। विधायक ने कहा कि शक्ति केंद्र, बूथ तथा मंडल की मजबूत संरचना भाजपा की त्रिशक्ति है। बूथ तथा मंडल के बीच शक्ति केंद्र सेतु का काम करता है । मजबूत शक्ति केंद्र से मजबूत बूथ तैयार होंगे और हर बूथ पर संगठन की मजबूती से विजय की नींव तैयार होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा सरकार की प्रत्येक योजना सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के लिए समर्पित है। विधायक ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वीबी-जी राम जी योजना, आयुष्मान/चिरायु योजना, दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, सक्षम युवा योजना, मेरा पानी मेरी विरासत योजना, परिवार पहचान पत्र, मेरी फसल-मेरा ब्योरा, जन-धन योजना, अटल पेंशन योजना, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित अनेकों ऐसी योजनाएं हैं, जिनका सीधा लाभ महिलाओं, किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों, व्यापारियों सहित समाज के सभी लोगों को किसी न किसी रूप में मिल रहा है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अनुज गर्ग, महामंत्री साहिल, शक्ति केन्द्र प्रमुख प्रदीप वाल्मीकि, सहशक्ति केन्द्र प्रमुख शिव कुमार, संजीव सैनी, विशाल, संजय शर्मा, नरेश फौजी, अरुण शर्मा, पार्षद पाला राम, रमेश सैनी, जगजीत सिंह बेदी, फूला राम नंबरदार, मनोज कुमार सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।