इंद्री विजय काम्बोज |। कांग्रेस पार्टी द्वारा सचिन बुढ़नपुर को हलका अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के उपलक्ष्य में एक निजी पैलेस में सम्मान एवं कार्यकर्ता आभार समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया और नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजेश वैध पहुंचे। वहीं पंचायती राज प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पंवार, पूर्व मंत्री भीमसेन मेहता, पूर्व हलका अध्यक्ष कर्म सिंह खानपुर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की और अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं के बल पर मजबूत होती है और संगठन को मजबूत बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने नवनियुक्त हलका अध्यक्ष सचिन बुढ़नपुर से उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में पार्टी संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में सफलता मिलेगी।
अपने संबोधन में नवनियुक्त हलका अध्यक्ष सचिन बुढ़नपुर ने कांग्रेस हाईकमान एवं पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती उनकी पहली प्राथमिकता होगी और वह सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे।
सचिन बुढ़नपुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की जनहितकारी नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें ताकि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी को और अधिक मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त अध्यक्ष का फूल-मालाओं और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। समारोह में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।









