अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार शहीद ऊधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी – इंद्री में विद्यार्थियों के लिए योग सत्र एवं योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया । कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अमन मलिक एवं डॉ. रणबीर सिंह रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, हरिद्वार के इंद्री तहसील प्रभारी बलराज कंबोज जी ने विद्यार्थियों को योग का अभ्यास करवाया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न योग आसनों, प्राणायाम, ध्यान एवं योग प्रोटोकॉल के अनुसार योग क्रियाओं का प्रशिक्षण दिया।
बलराज कंबोज जी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति एवं एकाग्रता में वृद्धि होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. रणबीर सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए योग के प्रति जागरूक किया और कहा कि योग स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने कहा कि योग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग से विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता का विकास होता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. अमन मलिक, डॉ. रणबीर सिंह एवम डॉ पूजा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।









