बराड़ा में अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कई निर्माण ध्वस्त

33

बराड़ा:(जयबीर राणा थंबड)
बराड़ा क्षेत्र में पनप रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला नगर योजनाकार अम्बाला के निर्देश पर विभागीय दस्ते ने अर्बन एरिया बराड़ा के मौजगढ़ क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान अवैध कॉलोनियों में बनाई गई कच्ची सड़कों का जाल तोड़ा गया तथा मौके पर मौजूद कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वाले भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया।
इस मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान, कनिष्ठ अभियंता अभिषेक कौशिक, क्षेत्र अन्वेषक रविन्द्र तथा एसएचओ इन्फोर्समेंट पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि कुछ भूमालिक और प्रॉपर्टी डीलर कॉलोनियों के भविष्य में नियमित (रेगुलर) होने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को प्लॉट बेच रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे किसी भी प्रलोभन में न आएं और अवैध कॉलोनियों में न तो प्लॉट खरीदें और न ही किसी प्रकार का निर्माण करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार की नीतियों के तहत केवल स्वीकृत कॉलोनियों में ही निर्माण की अनुमति है। अवैध कॉलोनियों में निवेश करने पर आमजन को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है और ऐसे निर्माणों पर कभी भी विभागीय कार्रवाई हो सकती है।
जिला नगर योजनाकार ने यह भी दोहराया कि अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य शहर के नियोजित विकास को सुनिश्चित करना और अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाना है।