आजादी को पाने के लिए हजारों शूरवीरों ने अपनी जान देश पर कुर्बान कर दी-विजय अनेजा

28

अनेजा स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन
इन्द्री अनेजा।। अनेजा सिटी हार्ट स्कूल में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी पर्व बडे जोश और उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर स्कूल के एमडी विजय अनेजा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा एक सांस्कृतिक कार्यक्रम किया गया जिसमें बच्चों ने देशभक्ति गीत, नाटक व भाषण जैसी विभिन्न प्रस्तुतियां दी। बच्चों द्वारा खूबसूरत रंगोली बनाई जिसे सभी ने खूब सराहा। स्कूल के एमडी विजय अनेजा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम अनेकों शूरवीर देशभक्तों के बलिदानों से आजादी का सुख ले रहे है। इस आजादी को पाने के लिए हजारों शूरवीरों ने अपनी जान देश पर कुर्बान कर दी। उन्होंने कहा कि हमें अपने इन शूरवीर देशभक्तों की कुर्बानियों को नहीं भूलना चाहिए ओर उनके दिखाए हुए मार्ग पर चलकर देश व समाज के कल्याण के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी भगवान कृष्ण के जन्मदिन के रूप में मनाई जाती है। यह त्यौहार भारत के लगभग सभी भागों में मनाया जाता है। भगवान श्री कृष्ण का जन्म मथुरा में हुआ था, इसलिए जन्माष्टमी मथुरा में एक बड़ा त्यौहार है और इसे बहुत ही श्रद्धा और समर्पण के साथ मनाया जाता है। स्कूल की प्रिंसीपल संजू भाटिया ने कहा कि भारतीय इतिहास में 15 अगस्त की तारीख विशेष महत्व रखती है। आज का यह दिन हमारे लिए इसलिए महत्व रखता है क्योंकि 1947 में आज ही के दिन हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों की बदौलत हम हिंदुस्तानी अंग्रेजों की गुलामी वाली बेडिय़ां तोडऩे में कामयाब हुए थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी अध्यापकों का योगदान रहा।