श्री खाटू श्याम मंदिर में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई इंदिरा एकादशी, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
करनाल विजय कांबोज : शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में मंगलवार को इंदिरा एकादशी हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर व बाबा श्याम के स्वरूप को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लगी रहीं। एकादशी के उपलक्ष्य में विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर पंडित दीपक पांडे ने श्रद्धालुओं को इंदिरा एकादशी का महत्व बताया। उन्होंने बताया इंदिरा आश्विन मास के कृष्ण पक्ष में आने वाली एकादशी है। यह व्रत मुख्य रूप से भगवान विष्णु की पूजा और पितरों की मोक्ष प्राप्ति के लिए रखा जाता है। इस व्रत को करने से जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और भगवान विष्णु की कृपा से रुके हुए कार्य पूरे होते हैं। मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि हर एकादशी पर मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है। करनाल सहित दूर-दराज से श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन करने आते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति करते हैं। मंदिर कमेटी की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण गोयल, अशोक सिंघला, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला व हरीश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।









