महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम में इंद्री विधायक ने किया महिलाओं का उत्साहवर्धन, नियुक्ति पत्र भी किए वितरित
करनाल विजय कांबोज : महिला सशक्तिकरण की ओर से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंद्री विधायक एवं चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण के प्रदेश अध्यक्ष शमशेर सिंह कश्यप सहित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक रामकुमार कश्यप का फूल-मालाएं पहनाकर एवं बुके भेंट कर जोरदार स्वागत किया। महिला विंग की टीम ने भी मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि महिला सशक्तिकरण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष शमशेर सिंह कश्यप और उनकी पूरी टीम को इस पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा जिला और ब्लॉक स्तर पर की गई नियुक्तियों से संगठन को मजबूती मिलेगी। नियुक्त किए गए पदाधिकारी गांव-गांव जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं स्वयं जागरूक होकर दूसरी महिलाओं को जागरूक करेंगी तो निश्चित रूप से हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। रामकुमार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान और उन्हें राजनीति में अधिक भागीदारी देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किए जाने से आने वाले समय में बड़ी संख्या में महिलाएं राजनीतिक क्षेत्र में आगे आएंगी और नेतृत्व की भूमिका निभाएंगी। विधायक ने महिला सशक्तिकरण के प्रदेश अध्यक्ष शमशेर सिंह कश्यप के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास काबिले तारीफ हैं। गांव-गांव में महिलाओं को हुनरमंद बनाने के लिए सिलाई सेंटर खोले गए हैं, जिससे महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास महिला सशक्तिकरण को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। उपस्थित महिलाओं ने संस्था की गतिविधियों को आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण के प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलम पंचाल, प्रदेश महासचिव सोनिया कश्यप, प्रदेश प्रभारी राधे कृष्णा, जिला अध्यक्ष रोशनी, जिला सचिव सुनीता कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष सोनम सहित भारी संख्या में महिलाएं मौजूद रहे।









