कृषि में वैज्ञानिक सोच आज की जरूरत:-रामकुमार कश्यप

62

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा आत्मा स्कीम के तहत जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन

कृषि वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों व अधिकारियों द्वारा किसानों को दी गई जानकारी

इन्द्री विजय कांबोज । कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा आज बीडीपीओ कार्यालय के सभागार में आत्मा स्कीम के तहत जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। यहां पहुंचने पर एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता व कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक कृषि डॉ. जसविन्द्र सैनी ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। विधायक ने इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। विधायक ने कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता किसानों को पुरस्कार देकर तथा प्रगतिशील किसानों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।

विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने इस मौके पर बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कृषि में वैज्ञानिक सोच आज की जरूरत है। कृषि को वैज्ञानिक तकनीक, उन्नत बीजों व आधुनिक कृषि यंत्रों के प्रयोग से किसान अपनी फसल की पैदावार को बढ़ा सकते हैं, जिससे उनकी आय व जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल में कृषि विशेषज्ञों के अनुसार ही खाद, पानी, कीटनाशक आदि का प्रयोग करें। उन्होंने किसानों से कहा कि वे अपनी फसल लगाने के उपरांत दिन में एक या दो बार अपनी फसल का मुआयना अवश्य करें ताकि फसल को उसकी आवश्यकता अनुसार खाद, दवाई, पानी, कीटनाशक इत्यादि के बारे में जानकारी मिलती रहे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा किसानों के कल्याण व खुशहाली के लिये कईं योजनाएं चलाई जा रही है। सरकार द्वारा खाद, बीज, दवाइयां, आधुनिक कृषि उपकरणों, ट्रैक्टर इत्यादि पर सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा सरकार द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलवाने के लिये भावान्तर भरपाई योजना लागू की गई है।

विधायक ने इन्द्री में जिला स्तरीय किसान मेला आयोजित करने के लिये कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों की सराहना की और कहा कि इस तरह के शिविर नियमित रूप से लगाने चाहिए ताकि किसानों को नई तकनीकों, उन्नत किस्म के बीजों, फसलों में आने वाली बीमारियों की रोकथाम इत्यादि के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके।

उपनिदेशक कृषि डा. जसविन्द्र सैनी ने मुख्य अतिथि विधायक रामकुमार कश्यप का स्वागत करते हुए कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा समय-समय पर इस तरह के किसान मेले आयोजित करके किसानों को उन्नत कृषि व तकनीकी तथा किसानों के लिये चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि वे कृषि में आधुनिक कृषि यंत्रों तथा विशेषज्ञों द्वारा सुझाए गये तरीकों का प्रयोग करें तथा इस प्रकार वे कम लागत में अच्छी पैदावार ले सकते हैं तथा अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
जिला स्तरीय किसान मेले में किसानों को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अलावा बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, गन्ना विभाग तथा पिकाडली शुगर मिल के अधिकारियों द्वारा उनके विभाग द्वारा चलाई जा रही किसान हितेषी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान डॉ. सुनील जांगड़ा, डॉ. विवेक, डॉ. कर्म सिंह, जिला बागवानी अधिकारी डॉ. कमल सैनी, डॉ. महासिंह, डॉ. अमरजीत इत्यादि से किसानों को एग्रीस्टैक, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सॉयल हैल्थ कार्ड, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, धान की सीधी बिजाई, मशरूम, लहसुन, प्याज, मधुमक्खी पालन, बाग लगाने, सब्जियों, मल्चिंग, सूक्ष्म सिंचाई विधि, पोली हाउस, नेट हाउस इत्यादि पर मिलने वाली सब्सिडी बारे बताया। प्रगतिशील किसान पवन दाबड़ा ने प्राकृतिक खेती के बारे में अपने अनुभव साझा किये।

इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि जसविन्द्र सैनी, बागवानी अधिकारी डॉ. कमल सैनी, खंड कृषि अधिकारी डा0 अश्वनी काम्बोज, कृषि विकास अधिकारी सचिन काम्बोज, मार्किट कमेटी चेयरमैन महिन्द्र सिंह पंजोखरा, पिकाडली शुगर मिल के उपाध्यक्ष डॉ. कर्म सिंह, क्षेत्रीय निदेशक डॉ. महा सिंह, किसान मोर्चा से पंकज गुर्जर, किसान वेलफेयर क्लब के प्रधान चरण सिंह मढाण, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय काम्बोज, मंडल अध्यक्ष अनुज गर्ग, जिला कार्यकारिणी सदस्य विजय कश्यप, सुमित महामंत्री, संजय सैनी, सुमेर चंद, रोहताश, सुनील काम्बोज, संजय शर्मा, रमन सैनी सहित अन्य कृषि वैज्ञानिक व विशेषज्ञ तथा बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।