करनाल विजय कांबोज । जिला पुलिस करनाल द्वारा चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना असंध के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी जलमाना की टीम ने दुकानों के शटर तोड़कर चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजेय पुत्र राजेश तथा आकाश पुत्र जयपाल, निवासी गांव शेखुपुरा, जिला करनाल के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने आरोपियों से पूछताछ एवं नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चोरीशुदा चांदी के गहने तथा कुछ नगदी बरामद की है।
अनुसंधान अधिकारी एएसआई जरनैल सिंह ने बताया कि दिनांक 10 अगस्त 2026 को शिकायतकर्ता भीम सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि गांव शेखुपुरा स्थित उसकी सुनार की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोर दुकान से चांदी के गहने चोरी कर ले गए। इसी रात पड़ोस की एक अन्य दुकान से करीब 4 हजार रुपये की नगदी चोरी होने की भी सूचना मिली थी।
शिकायत के आधार पर थाना असंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया तथा उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा सामान बरामद किया गया।
बरामदगी की कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को पुन माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।









