कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का किया आह्वान
महापौर बोलीं—करनाल के सर्वांगीण विकास के लिए जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए जारी रहेंगे प्रयास
करनाल विजय कांबोज। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने अपने करनाल प्रवास के दौरान भाजपा कार्यालय कर्ण कमल में जनमानस एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान महापौर रेणु बाला गुप्ता ने भी प्रमुखता से विचार रखे।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और जनसेवा के माध्यम से जनता के विश्वास को और मजबूत करना ही भाजपा की कार्यशैली की पहचान है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार करनाल सहित पूरे हरियाणा के विकास को गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। शहरों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर संबंधित मंचों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि करनाल के विकास और नागरिक सुविधाओं में निरंतर सुधार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में करनाल ने विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है और उनके नेतृत्व एवं प्रेरणा से शहर के सर्वांगीण विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को निरंतर गति दी जा रही है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ स्वच्छता, हरियाली, बेहतर सड़क व्यवस्था, जल संरक्षण, नागरिक सुविधाओं तथा शहर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों की अपेक्षाओं और सुझावों को समझना तथा उन्हें विकास की कार्ययोजना से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि करनाल को और अधिक स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं आधुनिक शहर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि भाजपा की राजनीति केवल सत्ता तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा और जनकल्याण की भावना पर आधारित है। कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद और जनता के बीच सक्रिय उपस्थिति से ही विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि करनाल की जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप विकास की गति को और तेज किया जाएगा।
ये भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि कविंद्र राणा, जिला महामंत्री, पार्षदगण सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









