इन्द्री विजय काम्बोज ||
दून पब्लिक स्कूल मुखाला के विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रकार के आकर्षक मॉडल तैयार किए। सातवीं कक्षा के छात्र अक्षित ने ट्रैक्टर का मॉडल बनाकर कृषि तकनीक के प्रति अपनी समझ को दर्शाया। छठी कक्षा के आरव ने ज्वालामुखी विस्फोट को दर्शा कर सराहनीय मॉडल प्रस्तुत किया। पांचवीं कक्षा के शिवांक तथा गांव मुखाला की रिया ने पवनचक्की (विंडमिल) का मॉडल बनाकर नवीकरणीय ऊर्जा का महत्व बताया। तीसरी कक्षा के ईशांत ने कूलर का मॉडल बनाया, जबकि चौथी कक्षा की रिया ने नदी का उत्कृष्ट मॉडल तैयार कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इन सभी विद्यार्थियों के मॉडलों की विद्यालय के अध्यापकों द्वारा भरपूर प्रशंसा की गई। अध्यापक सुखदेव शर्मा ने बच्चों को प्रकृति से प्राप्त अमूल्य वरदानों—नदियां, पर्वत और प्राकृतिक संसाधनों—के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया तथा उन्हें जीवन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या अनु कम्बोज ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और निरंतर परिश्रम व नवाचार की दिशा में आगे बढऩे का संदेश दिया। विद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की









