जिला अध्यक्ष पराग गाबा, जिला अध्यक्ष राजेश वैद्य एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा के नेतृत्व में आयोजित संवाद बैठक में संगठनात्मक मजबूती, एसआईआर, लोकतंत्र और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस के संघर्ष को और तेज करने का आह्वान
करनाल विजय कांबोज|।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी श्री संजय दत्त की गरिमामयी उपस्थिति में यह संवाद बैठक जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष श्री पराग गाबा, जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष श्री राजेश वैद्य तथा करनाल लोकसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी श्री दिव्यांशु बुद्धिराजा के नेतृत्व में मंगल सेन ऑडिटोरियम, करनाल में आयोजित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार, विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा प्रदेश और देश के ज्वलंत जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से आत्मीय संवाद करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए। कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव, संगठनात्मक सुझाव तथा जनहित से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से रखे। दोनों नेताओं ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की भागीदारी और जनता के विश्वास से ही संभव है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। आज लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के कंधों पर है। संसद में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी को बार-बार अपनी बात रखने से रोकना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। लोकतंत्र सत्ता की नहीं, संवाद की व्यवस्था है और विपक्ष की आवाज़ को दबाना लोकतंत्र को कमजोर करने जैसा है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी सतर्कता से कार्य करे और यह सुनिश्चित करे कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अन्यायपूर्ण ढंग से मतदाता सूची से न हटे। मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और कांग्रेस उसकी रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि आज छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताएँ, पेपर लीक की घटनाएँ और अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज़ उठाने वाले छात्रों के साथ कठोर व्यवहार तथा लाठीचार्ज जैसी घटनाएँ अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज़ बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, महिलाओं की सुरक्षा, बिगड़ती कानून व्यवस्था, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ और जनसमस्याओं के प्रति सरकार की उदासीनता आज प्रदेश की सबसे बड़ी चुनौतियाँ हैं। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता इन मुद्दों को घर-घर तक पहुँचाए और जनता के संघर्ष में सहभागी बने।
प्रदेश प्रभारी श्री संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का संगठन केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का आंदोलन है। जब संसद में विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास होता है, छात्रों की आवाज़ को बलपूर्वक कुचलने की कोशिश की जाती है, किसानों और युवाओं के सवालों को अनसुना किया जाता है, तब कांग्रेस का हर कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए और अधिक मजबूती से खड़ा होता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे एसआईआर अभियान के दौरान प्रत्येक बूथ पर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकार की रक्षा करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता के विरुद्ध लोकतांत्रिक तरीके से आवाज़ उठाएँ। साथ ही उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, छात्रों के अधिकार, किसानों की समस्याएँ, महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा तथा जनहित के सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान और अधिक तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ताओं का समर्पण, अनुशासन और जनता का विश्वास है। प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए गांव-गांव, वार्ड-वार्ड और घर-घर तक कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को पहुँचाना होगा। यही कांग्रेस की शक्ति है और यही हरियाणा में परिवर्तन की मजबूत आधारशिला बनेगी।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान तथा स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रदेश नेतृत्व ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की आगामी कार्ययोजना में शामिल करने का आश्वासन दिया।
बैठक का समापन संगठन की एकजुटता, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ। सभी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की विचारधारा, संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जनहित के मुद्दों की रक्षा के लिए गांव-गांव, वार्ड-वार्ड और बूथ-बूथ तक संगठन को मजबूत करने तथा जनता की आवाज़ बुलंद करने का संकल्प लिया।









