राष्ट्रीय खेल दिवस पर मटक माजरी कॉलेज में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

35

इंद्री विजय कांबोज।। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी (इंद्री) में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग एवं एनएसएस सेल की ओर से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों के लिए 100 मीटर दौड़, रस्साकशी और शटल दौड़ सहित विभिन्न स्पर्धाएं करवाई गईं। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। खेल मैदान में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रतिभागियों ने जीत के लिए पूरी मेहनत की और एक-दूसरे का उत्साह भी बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेजर ध्यानचंद के जीवन और उनकी उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के बल पर भारतीय हॉकी को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई। उनके जीवन से युवाओं को निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिलती है।

प्रतियोगिताओं के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अनिला ढिल्लों, डॉ. अनीता ढुल, डॉ. गुलाब, डॉ. सुमित, डॉ. सविता, डॉ. पूजा, डॉ. श्री भगवान भारद्वाज, डॉ. कुलदीप तथा अमन मलिक सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।