इंद्री विजय कांबोज।। तहसीलदार विनोद कुमार के नेतृत्व में शनिवार को अनाज मंडी स्थित अधिकारी आवासीय परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के करीब 48 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन महिंद्र पंजोखरा मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि सोशल जस्टिस एंड एम्पावरमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन रिंकू सैनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान तहसीलदार विनोद कुमार के परिवार के सदस्यों ने भी पौधारोपण किया। मार्केट कमेटी चेयरमैन महिंद्र पंजोखरा ने कहा कि पौधारोपण का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। पौधों से हमें शुद्ध ऑक्सीजन मिलती है, जो हमारे जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रत्येक व्यक्ति को इन अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी जरूरी है। इंद्री विधानसभा क्षेत्र में भी विधायक रामकुमार कश्यप के नेतृत्व में अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।
तहसीलदार विनोद कुमार ने कहा कि आज पर्यावरण प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और शुद्ध पानी उपलब्ध करवाने के लिए पौधारोपण को जनअभियान बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पौधों की देखभाल बच्चों की तरह करनी चाहिए, तभी वे बड़े होकर स्वस्थ पेड़ बन सकेंगे। उन्होंने बताया कि परिसर में करीब 48 पौधे लगाए गए हैं और उन्होंने अपने परिवार के साथ इन सभी पौधों की नियमित देखभाल करने की शपथ ली है।
रिंकू सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री की ‘एक पेड़ मां के नाम’ मुहिम को देशभर में लोगों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों से भी अपने-अपने विभागों की खाली पड़ी जगहों पर पौधारोपण करने की अपील की, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके।
पूर्व मंडी प्रधान रघुबीर बतान ने तहसीलदार विनोद कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह सराहनीय पहल है। अन्य अधिकारियों को भी इससे प्रेरणा लेकर अपने कार्यालय परिसरों में पौधारोपण करना चाहिए।
इस अवसर पर जयप्रकाश बंसल, बलविंद्र अरोड़ा, अनुराग वर्मा, संजय, रामप्रसाद, रोहताश कांबोज, नरेश, पटवारी सचिन पांचाल, पटवारी साहिल कांबोज, हरीश कुमार और हरिंद्र पटवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









