22वें वार्षिक एथलेटिक मीट में नितिन और निशा बने बेस्ट एथलीट

26

शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय मटक माजरी में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का समापन, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

इंद्री विजय कांबोज।। शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी में आयोजित दो दिवसीय 22वें वार्षिक एथलेटिक मीट का मंगलवार को उत्साह और हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा, पंचकूला के निर्देशानुसार महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी के निर्देशन में किया गया। खेल विभाग प्रभारी डॉ. अमन मलिक के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

समापन समारोह में हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन की इंस्पेक्टर एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज, भीम अवार्ड विजेता और प्रशिक्षक मीनू कुमारी मुख्य अतिथि रहीं। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज, करनाल के प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने की। महाविद्यालय परिषद के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि मीनू कुमारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और टीम भावना की सराहना की।

इन खिलाड़ियों ने जीते पदक

400 मीटर पुरुष वर्ग दौड़ में नितिन (बीए प्रथम वर्ष) ने पहला, कमल सिंह (बीए द्वितीय वर्ष) ने दूसरा और हर्षित (बीए द्वितीय वर्ष) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में रितु (बीए प्रथम वर्ष) प्रथम, निशा (बीए द्वितीय वर्ष) द्वितीय और काफी (बीए तृतीय वर्ष) तृतीय रहीं।

शॉटपुट पुरुष वर्ग में विशाल (बीए तृतीय वर्ष) प्रथम, कमल सिंह (बीए द्वितीय वर्ष) द्वितीय और आयुष (बीए द्वितीय वर्ष) तृतीय रहे। महिला लॉन्ग जंप में रिया कंबोज (बीए द्वितीय वर्ष) प्रथम, बरखा (बीए प्रथम वर्ष) द्वितीय और काजल (बीकॉम प्रथम वर्ष) तृतीय रहीं।

महिला जैवलिन थ्रो में बरखा प्रथम, काफी द्वितीय और निशा तृतीय रहीं। पुरुष लॉन्ग जंप में विशेष (बीए तृतीय वर्ष) प्रथम, यश कुमार (बीकॉम तृतीय वर्ष) द्वितीय और विनय (बीकॉम प्रथम वर्ष) तृतीय रहे। 100 मीटर पुरुष वर्ग में अभिषेक (बीए द्वितीय वर्ष, मेजर हिस्ट्री) प्रथम, नितिन (बीए प्रथम वर्ष) द्वितीय और कुनाल गोयत (बीए प्रथम वर्ष) तृतीय रहे।

पुरुष वर्ग में नितिन और महिला वर्ग में निशा को बेस्ट एथलीट चुना गया। समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिताओं में डॉ. ममता, डॉ. एसबी भारद्वाज, नरेश, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. मंजू मलिक, डॉ. हरीश कुमार, डॉ. लक्ष्मी और डिंपल ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जनसंपर्क समिति की संयोजिका डॉ. सविता रानी, डॉ. बोहती, डॉ. सुमन सहित अनुशासन, सजावट, जलपान, पुरस्कार, टेंट एवं शामियाना, प्रमाणपत्र लेखन, रिकॉर्ड कीपिंग और जल व्यवस्था समितियों के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन डॉ. गुलाब, डॉ. डिंपल, डॉ. विक्रम और डॉ. एसबी भारद्वाज ने किया।

प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मनोबल को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। अंत में डॉ. अमन मलिक ने एथलेटिक मीट की संपूर्ण रिपोर्ट एवं रूपरेखा प्रस्तुत की। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।