धोखाधड़ी मामले में करनाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार, 23 लाख रुपये नकद बरामद,

44

करनाल इंद्री विजय कांबोज।। । जिला पुलिस करनाल द्वारा आर्थिक अपराध एवं धोखाधड़ी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना शहर करनाल की पुलिस चौकी सेक्टर-4 की टीम ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 23 लाख रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस चौकी सेक्टर-4 प्रभारी उप निरीक्षक हिम्मत सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी मनविंदर सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी भरमपुरा पूर्वी, रेजिडेंसी गार्डन,बरेली,उत्तर प्रदेश को बरैली से गिरफ्तार किया। आरोपी संबंधित कंपनी में नेशनल सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता एवं विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर आरोपी के कब्जे से 23 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।
इस संबंध में गेटिंग लाइफ साइंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कंपनी में नेशनल सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत मनविंदर सिंह ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कंपनी की निर्धारित नीतियों एवं प्रक्रियाओं का उल्लंघन किया तथा कंपनी की धनराशि में हेराफेरी एवं धोखाधड़ी की।
शिकायत के अनुसार आरोपी द्वारा अन्य कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर कंपनी की दवाइयों की अनधिकृत रूप से आपूर्ति करवाने, विभिन्न पक्षों से प्राप्त धनराशि का कंपनी के अधिकृत बैंक खाते में जमा न करवाने, कंपनी के नाम से जारी चेक अपने पास रखने तथा निर्धारित ऋण सीमा से अधिक माल की आपूर्ति करवाने सहित विभिन्न अनियमितताएं की गईं।

पुलिस चौकी सेक्टर-4 द्वारा शिकायत की जांच के दौरान शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए गए तथा मामले से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में आरोपी मनविंदर सिंह सहित अन्य व्यक्तियों द्वारा कंपनी में कार्यरत रहते हुए धनराशि की हेराफेरी किए जाने के तथ्य सामने आए। जांच के आधार पर थाना शहर करनाल में मामला दर्ज किया गया।
टीम द्वारा मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका, धोखाधड़ी की धनराशि तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस करनाल द्वारा आर्थिक अपराध एवं धोखाधड़ी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।