राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिन पर इन्द्री ब्लाक से पूरे देश में की काम मांगों अभियान की हुई शुरूआत

6

इन्द्री विजय काम्बोज || 
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के बैनर तले आज कांग्रेस पार्टी द्वारा इन्द्री ब्लाक से काम मांगों अभियान की शुरूआत की गई है। आज से पूरे देश में यह अभियान विधिवत रूप से शुरू होगा। यह जानकारी आरजीपीआरएस के प्रदेशाध्यक्ष फोमलाल फिरोजपुर ने इन्द्री में हुई पत्रकार वार्ता में दी। इस अवसर पर प्रभारी श्याम लाल पुरोहित, जिला ग्रामीण अध्यक्ष ड़ा. राजेश वैद, शहरी अध्यक्ष पराग गाबा, ड़ा. नवजोत कश्यप सहित अनेक कांग्रेसी पदाधिकारी मौजूद रहे। इस बारे में जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष फोमलाल फिरोजपुर ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिन पर आज यह अभियान शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में पूर्व प्रधानमंत्री ड़ा. मनमोहन सिंह द्वारा देश के मजदूरों के कल्याण के लिए यह मनरेगा योजना चलाई गई थी जिसमें ग्रामीणों को 100 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई थी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत ग्रामीण आंचल में रहने वाले मजदूरों, महिलाओं को रोजगार की गांरटी दी गई लेकिन बीजेपी की सरकार ने बिना किसी राज्य व दोनों सदनों की सहमति से इस कानून को बदलकर इसकी जगह नए नाम से योजना को लागू कर काफी फेरबदल कर कानून का स्वरूप ही बदलने का काम किया। प्रभारी श्याम लाल पुरोहित, जिला ग्रामीण अध्यक्ष ड़ा. राजेश वैद, शहरी अध्यक्ष पराग गाबा ने संयुक्त रूप से कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा पूरे देश के मजदूरों के लिए इस योजना को लागू किया था लेकिन बीजेपी ने जुलाई 2026 में इस योजना का नाम बदल दिया ओर मजदूरों को धोखा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार मजदूरों को रोजगार देने में नाकामयाब हो रही है ओर प्रदेश का हर वर्ग बीजेपी की नीतियों से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा गांवों से मजदूरों का पलायन रोकने के लिए यह कानून बनाया गया था। पहले इस योजना के तहत मजदूरों को सारा पैसा केन्द्र की सरकार देती रही है लेकिन बीजेपी ने इसमें फेरबदल कर साठ प्रतिशत केन्द्र व चालीस प्रतिशत प्रदेश सरकार द्वारा देने की प्रणाली को शुरू कर दिया। पराग गाबा ने कहा कि प्रदेश के पास तो पहले से बजट की कमी होती है तो ऐसे में यह योजना बीजेपी की सरकार में धरालत पर पूरी तरह से नाकामयाब साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि जिला करनाल कांग्रेस की पूरी टीम इस अभियान में पूरा योगदान देने का काम करेगी। ड़ा. नवजोत कश्यप ने कहा कि अगर बीजेपी ने राम जी के नाम पर ही काम करना है तो मजदूरों को रोजगार देने का भी काम करें। उन्होंने कहा कि आज से यह अभियान पूरे देश में लागू किया जा रहा है ओर सभी पूरी मजबूती के साथ जमीनी स्तर पर इस अभियान को कामयाब करने में सहयोग करेगें। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष सचिन बुढऩपुर ने सभी हल्कावासियों को पांच तारीख को इन्द्री में होने वाले ब्लाक स्तरीय कार्यक्रम में पहुंचनें की अपील की ओर कहा कि कांग्रेस पार्टी को पूरे प्रदेश में समर्थन मिल रहा है ओर सांसद  दीपेन्द्र हुड़ा पूरे प्रदेश का दौरा कर संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे है। इस मौके पर यादविन्द्र सिंह, सुमित मंढ़ाण,वीरेन्द्र कलसौरा,प्रशांत अरोड़ा,धनपत मोर,निर्मल चौहाण,संतोष गिल,जसबीर पूनिया, बलबीर, संजय  मलिक सहित काफी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता मौजूद रहे।